अनुशासित पार्टी भाजपा के चर्चित विधायक के वीडियो वायरल

Share your love

लोकजन टुडे, देहरादूनः अक्सर कार्याें के साथ विवाद में रहने वाले भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। इस बार उन्होंने दिल्ली में एक टीवी चैनल के पत्रकार के साथ हाथापाई का वीडियो वायरल हुआ है। विवादित बयानबाजी को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले खानपुर से भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन फिर एक नये विवाद में घिर गए हैं। इस बार उनके दो वीडियो वायरल हुए हैं, जिसमें वह एक मीडियाकर्मी से अभद्रता करते दिख रहे हैं।
यह पूरा वाकया नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन का होने का दावा किया जा रहा है। उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि उन्हें भी इस मामले की जानकारी दी गई है। इस प्रकरण को भी चैंपियन को लेकर चल रही पार्टी की जांच में शामिल किया जाएगा।

खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और विवादों का चोली—दामन सरीखा साथ है। शायद ही कोई महीना गुजरता हो, जब वह किसी न किसी विवाद में न फंसते हों। उनके दो वीडियो गुरुवार को दोपहर बाद फिर तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुए। एक वीडियो में चैंपियन किसी मीडियाकर्मी को धमकाते हुए दिख रहे हैं।

इसके अलावा एक दूसरे वीडियो में वह दो लोगों से बात करते नजर आ रहे हैं। साथ में उनके समर्थक और सुरक्षाकर्मी भी नजर आ रहे हैं। इस दौरान कई आपत्तिजनक टिप्पणी भी वीडियो में दिखाई—सुनाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन का है।

इस संबंध में कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन से संपर्क साधने की कोशिश की गई, लेकिन मोबाइल फोन पर उनसे संपर्क नहीं हो सका। बता दें कि पिछले कई महीनों से कुंवर प्रणव ङ्क्षसह चैंपियन विवादित बयानों को लेकर चर्चा में हैं।

झबरेड़ा के भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल और खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच विवाद किसी से छिपा नहीं है। पार्टी हाईकमान को विधायक खजानदास के नेतृत्व में एक जांच कमेटी का गठन करना पड़ा। जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को सौंप दी है, लेकिन अभी इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

देर रात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट से संपर्क किए जाने पर उन्होंने कहा कि यह मामला उनकी जानकारी में भी आया है। भट्ट गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा बुलाई गई बैठक में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली में ही थे। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन से जुड़े विवाद की उन्हें जानकारी दी है।

इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व को भी अवगत करा दिया गया है। भट्ट ने कहा कि दो पार्टी विधायकों कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और देशराज कर्णवाल के मध्य विवाद की जांच चल रही है और केंद्रीय नेतृत्व से अनुमति लेकर इस घटना को भी इसी में शामिल कर जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुशासित पार्टी है और दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाने से गुरेज नहीं किया जाएगा।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *