बुजुर्गों की सुरक्षा और सेवा में आगे आई दून पुलिस, एक ही दिन में 1,000 से अधिक सीनियर सिटीजन्स से की मुलाकात !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

उत्तराखंड पुलिस का ‘मित्र पुलिस’ का नारा आज उस वक्त पूरी तरह चरितार्थ होता दिखाई दिया, जब देहरादून पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और देखभाल के लिए उनके द्वार पहुंची।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के दूरदर्शी निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए दून पुलिस की टीमों ने ‘सीनियर सिटीजन के द्वार’ अभियान के तहत जिले भर में 1,000 से अधिक बुजुर्गों के घर-घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। पुलिस की इस तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण से जिले भर के वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा का नया अहसास जागा है।

​घर-घर पहुंची पुलिस, दिया हर संभव मदद का भरोसा

आज दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को जनपद के शहरी एवं ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अकेले या परिजनों के साथ रह रहे बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात की। पुलिस कर्मियों ने न केवल उनकी सेहत और दिनचर्या का हाल जाना, बल्कि उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं और समस्याओं को भी बेहद ध्यान से सुना। पुलिस ने सभी वरिष्ठ नागरिकों को आश्वस्त किया कि वे अकेले नहीं हैं और पुलिस हर समय उनकी सहायता के लिए तत्पर है।​

त्वरित सहायता हेतु उपलब्ध कराए हेल्पलाइन व संपर्क नंबर

आपात स्थिति में बुजुर्गों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस टीमों ने मौके पर ही स्थानीय चीता पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए। पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी भी जरूरत या संकट के समय सिर्फ एक कॉल पर पुलिस तुरंत उनके दरवाजे पर सहायता के लिए मौजूद होगी।​

साइबर अपराधों से सुरक्षा हेतु किया जागरूक

वर्तमान समय में बुजुर्गों के खिलाफ बढ़ते साइबर फ्रॉड के मामलों को गंभीरता से लेते हुए दून पुलिस ने इस मुलाकात के दौरान एक महत्वपूर्ण जन-जागरूकता अभियान भी चलाया। पुलिस ने बुजुर्गों को साइबर अपराधों के नए तरीकों से अवगत कराया और बचाव के गुर सिखाए। पुलिस कर्मियों ने विशेष रूप से आग्रह किया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।​

बुजुर्गों ने जताया आभार, पुलिस की कार्यप्रणाली की हुई चौतरफा सराहना

दून पुलिस की इस बेहतरीन और संवेदनशील पहल से अभिभूत होकर सभी वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस का दिल से आभार व्यक्त किया। कई बुजुर्गों ने कहा कि पुलिस कर्मियों का खुद उनके घर आकर हाल-चाल पूछना उनके लिए अत्यंत सम्बल देने वाला अनुभव रहा। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी देहरादून पुलिस के इस सराहनीय कदम की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.