किच्छा में शुक्ला के किले में बेहड़ की बड़ी सेंध, भाजपा चित्त कांग्रेस हिट !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

किच्छा नगर पालिका की मतगणना में कांग्रेस के तिलक राज बेहड़ ने भाजपा के राजेश शुक्ला के गढ़ में सेंध लगाई है।

नतीजे के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर पुलिस की तारीफ विपक्षी नेताओं ने की। लेकिन सवाल यही है कि जो लोग अब तक पुलिस पर चुनाव प्रभावित करने के आरोप लगा रहे थे, वही अब तारीफ करने से थक नहीं रहे।

ऊधम सिंह नगर की किच्छा नगर पालिका में 22 सितंबर को मतदान हुआ था। तनाव के बाद गिनती टली रही। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आज कृषि उत्पादन मंडी समिति में मतपेटियाँ खुलीं।अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के राजेश प्रताप सिंह और भाजपा के संदीप अरोड़ा आमने-सामने थे। मैदान में नाम अरोड़ा का था, पर प्रतिष्ठा पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की दांव पर थी। दूसरी तरफ पूरे चुनाव की कमान कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के हाथ रही।

गिनती खत्म होते ही तस्वीर साफ हो गई। शुक्ला के किले में सेंधमारी हुई। भाजपा खेमा हिल गया। बेहड़ ने दिखा दिया कि किच्छा की सियासी जमीन अब भी उनके दम पर टिकी है। यह सिर्फ एक पालिका की कुर्सी नहीं, 2027 से पहले क्षेत्र की हवा का रुख भी माना जा रहा है।

जीत के जश्न के बीच विपक्षी नेताओं ने पुलिस की भूमिका को अलग से रेखांकित किया। मतगणना स्थल पर करीब 550 जवान, PAC की कंपनियाँ, ड्रोन और CCTV तैनात थे। प्रवेश सिर्फ पास पर था। नेताओं का कहना है कि संवेदनशील गिनती बिना किसी बड़े विवाद के पूरी हुई, और कानून को कायम रखने के लिए पुलिस बधाई की हकदार है लेकिन यहीं विरोधाभास भी है।

एक तरफ बेहड़ समर्थक मतदान के दौरान पुलिस पर आरोप लगा रहे थे। कहा जा रहा था कि पुलिस चुनाव को प्रभावित कर रही है। गिनती टलने और तनाव की बातें भी इसी आरोप से जुड़ी रहीं। अब नतीजे आने के बाद वही खेमा पुलिस की तारीफ करने से थक नहीं रहा। सवाल यही है कि जो लोग अभी तक पुलिस को पक्षपात का ठीकरा फोड़ रहे थे, नतीजे अपने पक्ष में आने के बाद अब क्या कहेंगे? यह बड़ा सवाल किच्छा की इस जीत के साथ खड़ा है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.