अनिल बलूनी होंगे उत्तराखंड से मोदी कैबिनेट का नया चेहरा

Share your love


अभिषेक सिन्हा, देहरादूनः लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत के बाद केंद्र में 30 मई यानि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर से प्रधानमंत्री की शपथ लेंगे। उनके कैबिनेट में इस बार करीब 20 नये चेहरे बताए जा रहे हैं। ऐसे में उत्तराखंड से भी चर्चाएं तेज हैं कि किसे मोदी कैबिनेट में हिस्सेदारी मिलेगी। दरअसल पिछली बार भी कई वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार कर अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा को राज्य मंत्री बनाया था। इस बार अब राज्य सभा सदस्य अनिल बलूनी को हिस्सेदारी मिल सकती है। इसके पीछे कई वजह हैं एक तो अनिल बलूनी की हाईकमान में अच्छी पकड़ इसके अलावा प्रदेश में जिस प्रकार से उन्होंने कई कार्य किए हैं वह भी सराहनीय हैं। यह भी एक कारण है कि उनको इस बार अहम जिम्मेदारी मोदी कैबिनेट में मिलने की प्रबल संभावनाएं बढ़ गई हैं। बताते चलें कि उनके आलोचक भी मानते हैं कि इन 11 महीनों में उन्होंने 12 ऐसे काम कर दिखाए, जो नामुमकिन से माने जा रहे थे। बलूनी के एक दर्जन कार्यों में कुछ ऐसी अनूठी पहल हैं, जो पलायन, पिछड़ेपन और बुनियादी समस्याओं का सामना कर रहे पहाड़ के लिए मरहम और जनप्रतिनिधियों के लिए सबक सरीखे हैं। अपने इन कार्यों की वजह से ही वे सक्रिय, सतर्क और संवेदनशील सांसद की छवि बनाते दिखे हैं। अनिल बलूनी के बारे में बताते चलें कि पहला वेतन उन्होंने राजकीय अनाथालय के बच्चों के कल्याण के लिए दान कर दिया। सांसद निधि का इस्तेमाल नाली खड़ंजों पर खर्च करने की परंपरा को तोड़ा और इसका इस्तेमाल बड़े कार्यों पर करने की एक नई रिवायत शुरू की। अनिल बलूनी ने पिछले 11 माह में नैनी दून एक्सप्रेस का संचालन, राज्य को एनडीआरएफ की पृथक बटालियन का आवंटन, कोटद्वार और उत्तरकाशी चिकित्सालयों में आईसीयू की स्थापना, पौड़ी के बौर गांव को गोद लिया, सेना और अर्द्धसेना के अस्पतालों में आम जनता का उपचार, आईटीबीपी के अस्पतालों में उपचार प्रारंभ कराया, विशिष्ट बीटीसी शिक्षकों की पैरवी, समाधान अंतिम चरण में पहुंचाया, मसूरी पेयजल योजना के लिए 187 करोड़ स्वीकृत कराए, तीलू रौतेली व माधो सिंह भंडारी के स्मारकों को पुरातत्व विभाग से संरक्षित करवाना, टनकपुर—बागेश्वर से गैरसैंण—कर्णप्रयाग रेललाइन के सर्वे के लिए धन स्वीकृत कराना, राामनगर में आधुनिक बस पोर्ट की स्थापना, राज्य के लिए पृथक दूरदर्शन चैनल प्रारंभ करवाना प्रमुख हैं। इसके चलते लगता है कि अनिल बलूनी का इस बार मोदी कैबिनेट में जगह बनाना लगभग तय है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *