कांग्रेस जॉइन न करने पर धमकाने का आरोप, वायरल ऑडियो मामले में विधायक प्रीतम सिंह के दो भाइयों पर मुकदमा!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

देहरादून। उत्तराखंड में वायरल ऑडियो को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चकराता से कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के दो भाइयों चमन सिंह और राजपाल सिंह के खिलाफ त्यूणी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पर एक व्यक्ति की बेटियों को कांग्रेस में शामिल कराने के लिए दबाव बनाने और ऐसा न करने पर धमकी देने का आरोप है।

मामला बालक राम नाम के व्यक्ति की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी बेटियों पर कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा था। बात न मानने पर उन्हें धमकाया गया। इसी प्रकरण से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।

वायरल ऑडियो का मामला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक भी पहुंचा। मुख्यमंत्री ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए पीड़ित बालक राम की बेटी दीक्षा से फोन पर बातचीत की और परिवार को हरसंभव सहयोग एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

वहीं, शिकायत के आधार पर त्यूणी पुलिस ने विधायक प्रीतम सिंह के दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विधानसभा सत्र से ठीक पहले सामने आए इस घटनाक्रम ने प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.