योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन, पंचूर गांव में ली अंतिम सांस!

Share your love

लोकजन टुडे,शीतल सकलानी

पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने भी उनके निधन की पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पंचूर स्थित अपने आवास पर उनका निधन हुआ। वह अपने छोटे बेटे के साथ गांव में ही रह रही थीं।

1994 में योगी आदित्यनाथ ने लिया था संन्यास

योगी आदित्यनाथ का जन्म 5 जून 1972 को पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में हुआ था। उनका बचपन इसी गांव में बीता। उनके बचपन का नाम अजय सिंह बिष्ट था। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे। परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं।

वर्ष 1994 में अजय सिंह बिष्ट ने सांसारिक जीवन छोड़कर संन्यास ग्रहण कर लिया था। इसके बाद वह गोरखपुर चले गए और गोरक्षपीठ से जुड़ गए। आगे चलकर वह योगी आदित्यनाथ के नाम से पहचाने जाने लगे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।

2022 में पांच साल बाद गांव पहुंचे थे योगी

मई 2022 में योगी आदित्यनाथ करीब पांच साल बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात की थी और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। परिवार के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई थीं।

इससे पहले मई 2024 में सावित्री देवी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। उस समय भी योगी आदित्यनाथ अस्पताल पहुंचकर मां का हाल जानने पहुंचे थे। उन्होंने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।

पिता के निधन के समय अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे योगी

योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। उस समय देश में कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लागू था। मुख्यमंत्री की जिम्मेदारियों के कारण योगी आदित्यनाथ पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।

हरिद्वार में अंतिम संस्कार की संभावना

सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार, 21 नवंबर को हरिद्वार में किए जाने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, अंतिम संस्कार के समय और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर परिवार की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।