एसएसपी अजय गणपति के कुशल नेतृत्व में रुद्रपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता; सड़क दुर्घटना व मारपीट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

बाइट: क्षेत्राधिकारी बाजपुर अखलेश कुमार

रुद्रपुर। एसएसपी उधमसिंहनगर अजय गणपति के कुशल निर्देशन और सटीक मार्गदर्शन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने सड़क दुर्घटना एवं मारपीट के गंभीर मामले का त्वरित व सफल खुलासा किया है।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटना के मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति की अपराधियों के प्रति सख्त और जीरो टॉलरेंस नीति के कारण ही पुलिस ने महज 3 दिनों के भीतर मुख्य अभियुक्त को दबोचने में सफलता पाई है, जिसकी स्थानीय नागरिकों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।

घटना का विवरण:

मामले के अनुसार, 07 अगस्त 2026 की रात्रि को एलायंस कॉलोनी के गेट के पास रेलवे फाटक फ्लाईओवर पर एक सड़क दुर्घटना और मारपीट की सूचना कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को प्राप्त हुई थी।अगले दिन, 08 अगस्त 2026 को वादी अंकित (पुत्र श्री अशोक, निवासी गांधी कॉलोनी, वार्ड नंबर 27, रुद्रपुर) ने कोतवाली रुद्रपुर में उपस्थित होकर लिखित तहरीर देते हुए पुलिस को अवगत कराया कि 07 अगस्त की रात वादी का भाई अभिषेक और बुआ का लड़का जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे एलायंस कॉलोनी के पास फ्लाईओवर पर पहुंचे, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो कार के चालक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आरोपी स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने गाड़ी से उतरकर घायलों के साथ गाली-गलौज व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की तथा फोन करके अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।

एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने की त्वरित कार्रवाई:प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में 08 अगस्त 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 सुसंगत धाराओं में पंजीकृत किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल विवेचना और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए।

एसएसपी के कुशल निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त 2026 को मुख्य अभियुक्त सन्नी चुघ (पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम, निवासी भूरारानी, वार्ड नंबर 32, उम्र 32 वर्ष) को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कोतवाली रुद्रपुर पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत विवेचना करते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी बाजपुर अखलेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर प्रकाश दानू, वरिष्ठ उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह, चौकी प्रभारी रम्पुरा दीपक कौशिक, कॉन्स्टेबल शंकर भट्ट, कॉन्स्टेबल दीपक कुमार एवं कॉन्स्टेबल राजवीर शाही शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.