एसएसपी देहरादून द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत नेहरू कॉलोनी पुलिस ने चोरी करने वाले 2 शातिर नकबजन चोरी के माल के साथ किए गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता : करन सहगल

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त नशे के आदी हैं और पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 9 जून 2026 को बद्री विशाल एनक्लेव निवासी ललित मोहन बिष्ट पुत्र धर्म सिंह बिष्ट ने थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस को लिखित तहरीर देते हुए बताया कि 8 जून 2026 को अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर से एक लैपटॉप और नकदी चोरी कर ली थी जिसके आधार पर दून पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए नेहरू कॉलोनी थाने के अंतर्गत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया जिसने घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सघन चैकिंग अभियान चलाया और पुराने अपराधियों का भौतिक सत्यापन शुरू किया। इसी दौरान, 9 जून 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए विशाल मेगा मार्ट जोगीवाला के पीछे एक संदिग्ध स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK-07-G-5788 को रोकने पर जब बाइक सवार दो व्यक्तियों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से चोरी का माल बरामद हुआ जिसपर पुलिस द्वारा दोनों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया ।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों संदीप मेहर पुत्र महिपाल सिंह, निवासी, मोथरोवाला, नेहरू कॉलोनी, देहरादून तथा ​प्रिंस सैनी, पुत्र राजेन्द्र सैनी, निवासी बंजारावाला, पटेलनगर, देहरादून ने कुबूल किया कि वे दोनों नशे के आदी हैं। अपने नशे के खर्च और जरूरतों को पूरा करने के लिए ही उन्होंने इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वे चोरी का माल ठिकाने लगाने और देहरादून से बाहर भागने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है।

बताते चलें कि ​पकड़े गए अभियुक्त प्रिंस सैनी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में आर्म्स एक्ट, आईपीसी की अलग अलग धाराओं में पहले से 3 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं तथा अभियुक्त संदीप के खिलाफ में थाना नेहरू कॉलोनी में मारपीट का मुकदमा दर्ज है।

इस त्वरित और सफल खुलासे को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आशीष कुमार, अपर उपनिरीक्षक मदन सिंह, कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल नरेंद्र और कांस्टेबल विपिन सेमवाल शामिल रहे।

एसएसपी दून ने पुलिस टीम के इस त्वरित कार्य की सराहना की है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.