एसएसपी देहरादून की दूरदर्शी रणनीति लाई रंग: मुठभेड़ के बाद दून पुलिस की गिरफ्त में शातिर बदमाश ‘तमंचा’ !

Share your love

संवाददाता : करन सहगल

देहरादून। राजधानी में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा चलाए जा रहे विशेष और कड़े चेकिंग अभियान का बड़ा असर देखने को मिला है। एसएसपी के कुशल नेतृत्व और सख्त निर्देशों के पालन में मुस्तैद बसंत विहार पुलिस टीम ने देर रात्रि मुठभेड़ के बाद डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित शातिर बदमाश को दबोच लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और सटीक रणनीति की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

वीवीआईपी दौरे को लेकर एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

जिले में आगामी वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को शहर के आंतरिक व सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की गहन चेकिंग के निर्देश दिए थे। एसएसपी के इसी अलर्ट मोड का नतीजा रहा कि 18-19 अगस्त की मध्यरात्रि बसंत विहार पुलिस ने हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध नीले रंग की बिना नंबर की स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया।

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, पुलिस ने भी दिया मुंहतोड़ जवाब

पुलिस को देखते ही आरोपी स्कूटी तेज चलाकर भागने लगा। कंट्रोल रूम की मदद से जब पुलिस टीम ने पीछा किया, तो आरोपी ने चाय बागान की तरफ भागते हुए पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी। पुलिस टीम ने एसएसपी के सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से बदमाश घायल हो गया और उसे तुरंत इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पकड़ा गया बदमाश है शातिर, बरामद हुआ असलाह व चोरी का माल…

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आकाश कुमार उर्फ ‘तमंचा‘ निवासी रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी के पास से 1 (315 बोर का अवैध तमंचा), 01 जिंदा कारतूस व 01 खोखा कारतूस, वृद्ध महिला से छीनी गई सोने की चैन वो कोतवाली क्षेत्र से चोरी की गई बिना नंबर की स्कूटी बरामद हुई।

पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त आदतन अपराधी है और नशे की लत पूरी करने के लिए वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी महज एक माह पूर्व ही जेल से जमानत पर बाहर आया था और बारिश व अंधेरे का फायदा उठाकर एक और वारदात की फिराक में था। उसके खिलाफ देहरादून के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, स्नेचिंग और आर्म्स एक्ट के 17 से अधिक मामले दर्ज हैं।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.