सोशल मीडिया पर ‘भौकाल’ जमाने के लिए हवा में तमंचा लहराना युवक को भारी, कोतवाली डालनवाला पुलिस ने भेजा सलाखों के पीछे !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

देहरादून: सोशल मीडिया पर फेमस होने और दोस्तों में धौंस जमाने के लिए हथियार लहराकर रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। दून पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और अभियुक्त को अवैध तमंचे व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

​वायरल वीडियो से पकड़ में आया आरोपी

बीती 23 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक खुलेआम अवैध देसी तमंचा लहराता हुआ नजर आ रहा था। डालनवाला क्षेत्र के इस वीडियो पर एसएसपी देहरादून ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई के आदेश जारी किए। जांच में जुटी डालनवाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान विशाल गोदियाल पुत्र अशोक गोदियाल, निवासी पूरन बस्ती, इंदर रोड,डालनवाला के रूप में की।​

खंडहर से बरामद हुआ 315 बोर का तमंचा…

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो वह आनाकानी करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने कबूला कि सोशल मीडिया पर वायरल होने और साथियों पर रौब झाड़ने के लिए उसने यह रील बनाई थी। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने बलबीर रोड स्थित एक पुराने खंडहर से वीडियो में दिख रहा 315 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस (BMM KF) बरामद किया।

​न्यायिक हिरासत में भेजा गया सुद्धोवाला जेल…

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में सुद्धोवाला जिला कारागार भेज दिया गया है।​

इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डालनवाला निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत, आराघर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी बलूनी, कांस्टेबल विजय सिंह और कांस्टेबल आदित्य राठी शामिल रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.