थाना प्रेम नगर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 2 साल से गोकशी में वांछित अभियुक्त मुठभेड़ में हुआ गिरफ्तार
Share your love
संवाददाता: करन सहगल
देहरादून। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस कप्तान देहरादून द्वारा जिले भर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान और जीरो टॉलरेंस नीति का रंग अब धरातल पर साफ नजर आ रहा है।

प्रेमनगर थाना पुलिस और दून पुलिस की सजगता एवं अदम्य साहस के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक शातिर गैंगस्टर पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तत्काल गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी देहरादून के कड़े निर्देशों और प्रेमनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय जनता और उच्चाधिकारियों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम…
एसएसपी देहरादून के स्पष्ट निर्देश हैं कि स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत जिले के सभी अंतरराज्यीय/अंतरजनपदीय चेकपोस्टों और आंतरिक मार्गों पर परिंदा भी पर न मार सके। इसी का परिणाम रहा कि 12-13 अगस्त 2026 की देर रात प्रेमनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में जब टीम दरू चौक के पास चेकिंग कर रही थी, तब पुलिस की पारखी नजरों से अपराधी बच नहीं सके।
जान पर खेलकर पुलिस ने बदमाशों को घेरा…
गोरखपुर चौक की ओर से बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों को जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया, तो वे चाय बागान की ओर भागने लगे। प्रेमनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया। पीतांबरपुर बनियावाला मार्ग पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस का सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
अपनी जान की परवाह न करते हुए और अदम्य साहस का परिचय देते हुए प्रेमनगर पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की सटीक फायरिंग में एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी और वह मौके पर ही धराशायी हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को प्रेमनगर पुलिस ने बिना देर किए तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुँचाया।
2 साल से वांछित था शातिर गैंगस्टर…
पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाश की पहचान रईस (26 वर्ष) पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी/छुटमलपुर, जिला सहारनपुर (उ०प्र०) के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्त सहारनपुर का कुख्यात गैंगस्टर है और विगत 2 वर्षों से थाना प्रेमनगर में पंजीकृत गौकशी के मामले में वांछित चल रहा था। इसके विरुद्ध उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में गौकशी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित डेढ़ दर्जन से ज़्यादा संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अभियुक्त अपने साथी नवाब के साथ एक बार फिर टी-स्टेट क्षेत्र में आवारा गोवंश की रैकी कर घटना को अंजाम देने आया था, लेकिन प्रेमनगर पुलिस की सतर्कता से उसके मंसूबों पर पानी फिर गया।
असलहे और गौकशी के औजार बरामद…
मौके से प्रेमनगर पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, 2 खोखा कारतूस, गौकशी के लिए लाई गई 1 कुल्हाड़ी, 1 चापड़, 2 छुरी, 1 नाइलोन की रस्सी और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस पर हुए जानलेवा हमले के संबंध में अभियुक्त के खिलाफ थाना प्रेमनगर में बीएनएस की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत नया अभियोग (मु०अ०सं० 168/26) दर्ज कर लिया गया है।
अपराधियों के खिलाफ इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली प्रेमनगर पुलिस टीम में निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ (प्रभारी कोतवाली प्रेमनगर), उप-निरीक्षक जितेंद्र कुमार, उप-निरीक्षक जैनेंद्र राणा, कांस्टेबल रवि शंकर, कांस्टेबल पंकज कुमार और कांस्टेबल श्रीकांत मलिक शामिल रहे। एसएसपी देहरादून और प्रेमनगर पुलिस की इस साहसिक व त्वरित कार्रवाई से कानून-व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।
Discover more from Lokjan Today
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Uttarakhand Latest News Portal
Section: अंग्रेजी | मनोरंजन | विदेश | देश | उत्तराखंड | राजनीति | स्पोर्ट्स | ट्रैवल | वीडियो
Latest News: Delhi | Himachal | Haryana | Punjab | Rajasthan | Bihar | Maharashtra | Uttar Pradesh | Madhya Pradesh | Jharkhand | Gujarat | Jammu and Kashmir
LokJan Today is your news, entertainment, music, and fashion website. We provide the latest breaking news and videos straight from Uttarakhand and other parts of India. Uttarakhand leading newspaper and online portal. We share information and breaking news about Dehradun, Nainital, Rishikesh, Haridwar, etc.
Contact us: editor@lokjantoday.com
