दून पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन प्रहार’ निरंतर तोड़ रहा अपराधियों की कमर; पटेलनगर पुलिस ने शातिर चोर किया गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत देहरादून पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून की कुशल रणनीति और कोतवाली पटेलनगर पुलिस की त्वरित व सटीक कार्रवाई के चलते घर में चोरी करने वाला एक शातिर चोर सलाखों के पीछे पहुंच चुका है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए 3 मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।

क्या था पूरा मामला ?

बीती 21 जून 2026 को निरंजनपुर चक्की टोला निवासी संदीप वर्मा ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात चोर ने उनके घर में घुसकर मोबाइल, नगदी और अन्य सामान पार कर दिया है। पीड़ित की तहरीर पर पटेलनगर पुलिस ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए बीएनएस से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने घटना के खुलासे और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पटेलनगर पुलिस को विशेष निर्देश दिए जिनका पालन करते हुए पटेलनगर पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पूर्व में इस तरह के अपराधों में शामिल रहे अपराधियों का भौतिक सत्यापन शुरू किया।

सघन चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी

पटेलनगर पुलिस की इस कड़ी मेहनत रंग लाई। 22 जून 2026 को कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बागड़ियों वाली गली (निकट सब्जी मंडी, देहरादून) के पास चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अभियुक्त आकाश पुत्र राजपाल, निवासी मुजफ्फराबाद (सहारनपुर, यूपी), हाल निवासी ब्रह्मपुरी चौक, पटेलनगर को चोरी के 3 अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन और अन्य सामान ले साथ गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त की धरपकड़ करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, अपर उपनिरीक्षक मोहन सिंह, हैड कॉन्स्टेबल सुशील कुमार एवं कॉन्स्टेबल प्रवीण कुमार शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.