एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस को मिली बड़ी सफलता: पटेलनगर क्षेत्र में हुई स्नैचिंग की 02 घटनाओं का 24 घंटे के भीतर किया खुलासा !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

एसएसपी देहरादून के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी मार्गदर्शन में कोतवाली पटेलनगर पुलिस टीम ने मुस्तैदी और त्वरित कार्यप्रणाली की मिसाल पेश करते हुए क्षेत्र में सरेराह हुई स्नैचिंग/लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से छीने गए मोबाइल, नगदी, पर्स व घटना में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।

दिनांक 26 सितंबर 2026 की शाम कैलाशपुर तथा गंगा विहार क्षेत्र में पैदल जा रही दो महिलाओं से एक अज्ञात स्कूटी सवार ने मोबाइल और पर्स छीन लिया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल संज्ञान लिया और कोतवाली पटेलनगर पर विशेष पुलिस टीमों का गठन करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

एसएसपी के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत पटेलनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल के आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, सघन चैकिंग अभियान चलाया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ पुराने अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस टीम के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप 27 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त अमन सती निवासी हरभजवाला को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त नशे का आदी है और अपनी नशे की पूर्ति के लिए राह चलती महिलाओं को निशाना बनाता था। वह छीने गए मोबाइलों को बेचने की फिराक में था, लेकिन पटेलनगर पुलिस की सक्रियता के आगे उसकी एक न चली और वह सलाखों के पीछे पहुँच गया। बताते चलें कि अभियुक्त पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

अभियुक्त से 02 छीने गए मोबाइल (वीवो एवं रियलमी) ₹6,700 नगद, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी (UK 07 HH-7042) बरामद की गई है।

स्नैचिंग की इन घटनाओं का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी आईएसबीटी उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, हैड कॉन्स्टेबल मनोज सरकार, कॉन्स्टेबल अरशद, कॉन्स्टेबल नितिन, कॉन्स्टेबल बृजमोहन, कॉन्स्टेबल कैलाश, कॉन्स्टेबल संदीप, कॉन्स्टेबल पंकज तथा एसओजी से हैड कॉन्स्टेबल किरण कुमार शामिल रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.