ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ महाअभियान; 94 के लाइसेंस जब्त, 119 हथियार थानों में हुए जमा !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

बाइट: एसएसपी उधमसिंहनगर

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त देवभूमि” के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अवैध शस्त्रों और संदिग्ध लाइसेंसों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान छेड़ा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस ने बाहरी राज्यों और गैर जनपदों से बनवाए गए संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों पर चौतरफा कार्रवाई की है।

इस विशेष सत्यापन अभियान के तहत पुलिस ने अब तक 108 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस चिन्हित किए हैं, जिनमें से 94 लाइसेंसों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि 119 हथियारों को संबंधित थानों में जमा करा दिया गया है।

फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद गठित हुई थीं 03 विशेष टीमें

इस बड़ी कार्रवाई की नींव 11 जून 2026 को पड़ी, जब कोतवाली कुण्डा पुलिस ने दो आरोपियों को 4 अवैध हथियार और 2 फर्जी शस्त्र लाइसेंस के साथ गिरफ्तार किया था । पूछताछ और विवेचना के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि जिले में कई लोग बाहरी राज्यों और अन्य जनपदों से संदिग्ध रूप से बनवाए गए शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर धड़ल्ले से हथियार खरीद और रख रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने 25 जून 2026 को पूरे जिले में व्यापक जांच के लिए 03 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया जिन्होंने घर-घर जाकर शस्त्रों का भौतिक सत्यापन किया।

अभियान के मुख्य आंकड़े

० कुल चिन्हित शस्त्र लाइसेंस (सत्यापन हेतु): 678

० अब तक पूर्ण किया गया सत्यापन: 626

० सत्यापन के लिए लंबित लाइसेंस: 52

० संदिग्ध पाए गए लाइसेंस: 108

० पुलिस कब्जे में लिए गए लाइसेंस: 94

० थानों में जमा कराए गए शस्त्र: 119

वैधानिकता की गहन जांच जारी

पुलिस के अनुसार, जिन संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों को कब्जे में लिया गया है, उनके जारी होने की प्रक्रिया और दस्तावेजों की वैधानिकता की गहराई से जांच की जा रही है। यदि इनमें कोई भी दस्तावेज फर्जी पाया जाता है, तो संबंधित धारकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी अजय गणपति का कड़ा संदेश:

“ऊधम सिंह नगर जिले में फर्जी, संदिग्ध या नियम विरुद्ध तरीके से हासिल किए गए शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ हमारा यह अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले या फर्जी दस्तावेजों के सहारे रौब झाड़ने वाले किसी भी बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.