अपराधियों पर कोतवाली पटेलनगर पुलिस का करारा प्रहार: मात्र 24 घंटे में मोबाइल स्नैचिंग का किया पर्दाफाश, 2 शातिर गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

देहरादून पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैद कार्यप्रणाली, कुशल रणनीति और त्वरित कार्रवाई का लोहा मनवाया है। एसएसपी देहरादून के दूरदर्शी नेतृत्व और कोतवाली पटेल नगर पुलिस की चौकस टीमवर्क के चलते क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नैचिंग की गंभीर वारदात का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

क्या थी पूरी घटना ?

मामला 25 सितंबर 2026 की शाम का है, जब माजरा निवासी दानिश सब्जी मंडी से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पटेल नगर में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए कोतवाली पटेल नगर में विशेष पुलिस टीम का गठन किया जिसने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया, इलाके के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अपने मजबूत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया जिसके परिणामस्वरूप आज 26 सितंबर को पटेलनगर क्षेत्र से ही दोनों आरोपियों मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद फारूक को गिरफ्तार कर लिया गया ।

मोबाइल स्नैचिंग की इस घटना का मात्र 24 घंटे में खुलासा करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बाजार, कोतवाली पटेलनगर उपनिरीक्षक आशीष कुमार, कॉन्स्टेबल हरमिंदर एवं कॉन्स्टेबल चमन शामिल थे।

​एसएसपी देहरादून के त्वरित कार्रवाई और कोतवाली पटेलनगर पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.