दस दिन बाद वाहनों के लिए खुला हल्द्वानी-भीमताल मार्ग

Share your love

हल्द्वानी: पहाड़ को जाने वाला मुख्य रास्ता यानी भीमताल मार्ग बीते दस दिनों से बंद चल रहा था। मगर लाइफलाइन कहा जाने वाला यह मार्ग अब वाहनों के आवागमन के लिए खुल जाएगा। चौड़ीकरण कार्य के चलते मार्ग को बंद किया गया था। बता दें कि इस मार्ग के बंद होने से भीमताल, अल्मोड़ा जाने वालों को खास दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

बीते महीने में भारी बारिश के कारण आई आपदा ने पहले ही पहाड़ी मार्गों को बहुत नुकसान पहुंचाया था। ऊपर से हल्द्वानी-भीमताल मार्ग पर स्थित पुल का मरम्मत कार्यों से पुराना नाता रहा है। इस बार भी लोनिवि द्वारा रानीबाग के समीप 60 मीटर स्पान स्टील पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसी कार्य के तहत इन दिनों पुल के समीप भीमताल की ओर मोड़ को चौड़ा करने के लिए पहाड़ी कटान का कार्य हो रहा है।

निर्माण कार्यों के कारण से जिलाधिकारी की अनुमति के बाद विभाग ने 18 नवंबर से 27 नवंबर तक दिन में प्रात: दस बजे से शाम पांच बजे तक मार्ग को यातायात के लिए पूर्ण रूप से बंद रखा था। जिससे पहाड़ों को जाने वाले यात्रियों को काफी मुश्किलें झेलनी पड़ रही थीं। गौरतलब है कि नैनीताल को छोड़कर अधिकतर पहाड़ की मंजिल मुख्य तौर पर इसी रास्ते से होकर मिलती हैं।

ऐसे में दिक्कतें होना तो लाजमी था। वाहनों को वाया ज्योलीकोट भेजा जा रहा था। जिससे इस रास्ते पर जाम की समस्या लगातार उमड़ रही थी। मगर अब टेंशन की जरूरत नहीं है। भीमताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग रविवार 28 नवंबर यानी आज से खुल जाएगा। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मदन मोहन सिंह पुंडीर ने जानकारी दी और बताया कि हर तरह से तैयारियां पूरी हैं।

जिला प्रशासन को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि आगे भी रानीबाग में बचे हुए निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है। बताया जा रहा है कि अभी आधा से ज्यादा काम हो चुका है। बाकी का शेष है। अभी से ही नैनीताल जिलाधिकारी को सूचना देकर लोनिवि ने फिर से यातायात को बंद करने की मांग की है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.