त्योहारी सीजन में पल्टन बाजार में वाहनों की नो एंट्री, सुबह 11 से शाम 7 बजे तक रोक, अतिक्रमण पर भी चलेगा प्रशासन का डंडा!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

देहरादून। त्योहारी सीजन में खरीदारी के लिए पल्टन बाजार जाने वालों के लिए जरूरी खबर है। बाजार में बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस दौरान बाजार में सामान की लोडिंग-अनलोडिंग भी नहीं हो सकेगी। व्यापारियों को यह काम सुबह 11 बजे से पहले या शाम 7 बजे के बाद ही करना होगा।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर शुक्रवार को एडीएम के.के. मिश्रा ने पुलिस, नगर निगम और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में पल्टन बाजार समेत शहर के अन्य व्यस्त बाजारों में भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

सड़क पर सामान रखा तो होगी कार्रवाई

प्रशासन ने साफ किया है कि बाजारों में आवाजाही बाधित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। दुकानों के बाहर सामान रखने से लेकर रास्ता बाधित करने वाली रेहड़ी-ठेलियों तक, सभी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस, नगर निगम और प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से निगरानी करेंगी।

एडीएम के.के. मिश्रा ने व्यापारियों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पैदल चलने वालों की सुविधा और आपातकालीन वाहनों के लिए पर्याप्त रास्ता उपलब्ध रहना जरूरी है।

प्रशासन का जोर इस बात पर है कि त्योहारी खरीदारी के दौरान लोगों को जाम और अव्यवस्था से न जूझना पड़े और बाजार आने वाले लोग सुरक्षित तरीके से खरीदारी कर सकें।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.