एसएसपी देहरादून के सशक्त नेतृत्व में दून पुलिस का शानदार प्रदर्शन: चोरी की लाइसेंसी रिवाल्वर व कारतूस संग हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार!

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

एसएसपी देहरादून के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में दून पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। उनके सख्त निर्देशों और प्रभावी कार्यशैली का ही नतीजा है कि कोतवाली डालनवाला पुलिस ने क्षेत्र में हुई एक गंभीर नकबजनी (चोरी) की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक शातिर और आदतन अपराधी को चोरी की गई लाइसेंसी रिवाल्वर और 10 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

मामला क्या था?

24 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता शैलेंद्र सिंह त्यागी निवासी इंदर रोड, डालनवाला ने पुलिस को सूचना दी थी कि 23 जुलाई को जब वे अपने घर लौटे, तो अलमारी का सेफ टूटा हुआ था जिसमें उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूस और कुछ नकदी भी रखी हुई थी। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए डालनवाला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी दून के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून द्वारा घटना का तत्काल संज्ञान लिया और पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के कड़े निर्देश दिए जिनके अनुपालन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, सघन चैकिंग अभियान चलाया,मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पुराने अपराधियों का सत्यापन शुरू कर दिया।

24 जुलाई को चेकिंग के दौरान बलबीर रोड रैन बसेरा के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम हसनैन उर्फ राजा, निवासी भगत सिंह कॉलोनी, डालनवाला बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की गई स्वदेशी रिवाल्वर और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।

नशे की लत और खौफ फैलाने की नीयत

पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह नशे की गंभीर लत का शिकार है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने इंदर रोड स्थित घर में चोरी की थी। चोरी की नकदी उसने नशे में उड़ा दी, जबकि रिवाल्वर और कारतूस उसने लोगों में अपना खौफ कायम करने और डराने-धमकाने के लिए अपने पास रखे थे। वह किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था, लेकिन दून पुलिस की सतर्कता से उसकी योजना नाकाम हो गई।

10 आपराधिक मामलों में दर्ज है इतिहास

पकड़ा गया आरोपी हसनैन एक शातिर और पेशेवर अपराधी है। उस पर पहले से ही चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस (नशा तस्करी) अधिनियम के तहत 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसएसपी देहरादून के मार्गदर्शन में गठित टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डालनवाला नरेंद्र सिंह गहलावत, चौकी प्रभारी आराघर उपनिरीक्षक अश्वनी बलूनी, कॉन्स्टेबल विजय सिंह और कॉन्स्टेबल आदित्य राठी शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.