“ऑपरेशन प्रहार” के दृष्टिगत नशा तस्करों की नकेल कसती दून पुलिस, 3 को भेजा सलाखों के पीछे !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

सीएम धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने के लिए देहरादून पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वर्तमान में जारी “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 6 लाख रुपये मूल्य की 20.06 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ऑल्टो कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नशे के नेटवर्क को चिन्हित कर लगातार प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में विकासनगर और डोईवाला पुलिस को यह सफलता हाथ लगी है।

विकासनगर: ऑल्टो कार से हो रही थी तस्करी, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

कोतवाली विकासनगर पुलिस ने 13 जुलाई 2026 को चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से 13.65 ग्राम स्मैक बरामद की। पहली कार्रवाई चाय बागान रोड (उदियाबाग) पर की गई, जहां एक ऑल्टो कार (संख्या: UK-07-BT-3409) को रोककर तलाशी लेने पर दिलशाद उर्फ शानू नाम के युवक से 7.69 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

वहीं, दूसरी कार्रवाई त्यागी फार्म हाउस के पास की गई, जहां जावेद नाम के युवक को 5.96 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा गया।

पुलिस के अनुसार, ये दोनों अभियुक्त पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं। दिलशाद उर्फ शानू के खिलाफ विकासनगर कोतवाली में पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ ताजा कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।

एक तस्कर डोईवाला में किया गया गिरफ्तार

इसी अभियान के तहत 13 जुलाई को ही कोतवाली डोईवाला पुलिस ने भी तेलीवाला रोड पर आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे फरीद (24 वर्ष, निवासी नियामवाला, डोईवाला) को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 6.41 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने अभियुक्त फरीद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अभियुक्त फरीद का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी चोरी के एक मामले में जेल की हवा खा चुका है।

देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आगे भी इसी तरह की सख्त और प्रभावी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि देवभूमि को पूरी तरह से नशामुक्त बनाया जा सके।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.