फ्री हिट गेंद को लेकर हुआ विवाद

देहरादून : भारतीय क्रिकेट टीम ने पिछले दिनों ICC T20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। इस मैच में बल्लेबाज विराट कोहली भी अपनी जबरदस्त फॉर्म में नजर आए। लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच इस मैच के दौरान फ्री हिट को लेकर काफी विवाद हो रहा है। दरअसल आखिरी ओवर में पाकिस्तान के स्पिनर मोहम्मद नवाज ने विराट कोहली को कमर से ऊपर फुल टॉस गेंद दी थी, जिस पर विराट कोहली ने छक्का लगाया। विराट के अपील के बाद अंपायर ने इसे नोबॉल करार दिया, जिस पर पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम बिल्कुल खुश नजर नहीं आए।

बाबर इसके बाद अंपायर के पास पहुंचे और फिर अंपायर ने उन्हें पूरी बात समझाई। नवाज की अगली गेंद फ्री हिट वाली थी और वह काफी दबाव में थे और इसी दवाब में उन्होंने वाइड गेंद डाली। उन्हें फ्री हिट वाली गेंद फिर से डालनी पड़ी। जिस पर विराट बोल्ड हुए और गेंद छिटक कर थर्ड मैन एरिया में चली गई। पाकिस्तानी फैन्स ने इसके बाद इसको लेकर काफी बवाल किया कि स्टंप पर लगने के बाद गेंद डेड हो जानी चाहिए थी और टीम इंडिया को बाइ के तीन रन नहीं मिलने चाहिए थे।

दुनिया के बेस्ट अंपायरों में शुमार साइमन टफेल ने सोशल मीडिया पर एक लंबा चौड़ा मैसेज लिखा और कहा कि जब गेंद पर फ्री हिट होता है, तो बल्लेबाज बोल्ड नहीं हो सकता और अगर ऐसे में गेंद स्टंप से लगी तो डेड बॉल नहीं होगी क्योंकि बल्लेबाज तो आउट हुआ ही नहीं। साइमन टफेल के इस मैसेज ने पाकिस्तानी फैन्स की बोलती बंद कर दी है, जो यह कह रहे थे कि गेंद डेड हो जानी चाहिए थी और भारत को वह तीन रन नहीं मिलने चाहिए थे।

 


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.