एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत ₹30 लाख के अवैध मादक पदार्थों के साथ अभियुक्त गिरफ्तार!

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

उत्तराखंड को “ड्रग्स फ्री देवभूमि” बनाने के मुख्यमंत्री के विज़न के तहत देहरादून पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ में बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए रायपुर थाना पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की हाई-प्रोफाइल ड्रग MDMA और स्मैक बरामद की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई को रायपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देहरादून में हाई-प्रोफाइल ड्रग्स की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रायपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। 21-22 जुलाई की रात अरण्य विहार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक खाली प्लॉट के पास से अभियुक्त दानिश पुत्र नजीर अहमद, निवासी ग्राम नागल, थाना नागल, सहारनपुर को 48.55 ग्राम MDMA और 40.75 स्मैक के साथ धर दबोचा गया जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹ 30 लाख बताई जा रही है।

सहारनपुर से लाकर हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई की थी योजना

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह यह ड्रग्स सहारनपुर के एक स्थानीय तस्कर से खरीदकर लाया था। उसकी योजना इसे देहरादून की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने की थी। पुलिस की इस मुस्तैदी से शहर में ड्रग्स की एक बड़ी खेप खपने से बच गई।

पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े कुछ अन्य नेटवर्क और तस्करों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

इस सफल ऑपरेशन में थानाध्यक्ष रायपुर उपनिरीक्षक संजीत कुमार, चौकी प्रभारी मयूर विहार उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी, कांस्टेबल विनोद, प्रेम पवार, मुकेश कंडारी, एसओजी से हैड कॉन्स्टेबल किरण और पीआरडी प्रियांजुल शामिल रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.