कैंचीधाम के पास खाई में गिरा दूध का पिकअप वाहन, पुलिस और SDRF ने रेस्क्यू कर बचाई 3 लोगों की जान !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

रेस्क्यू ऑपरेशन करती SDRF टीम

नैनीताल: कैंचीधाम मंदिर क्षेत्र के पास मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। केरल ढाबे के समीप दूध ले जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 से 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही नैनीताल पुलिस और SDRF की टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे तीन लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया।​

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 5:00 बजे एक स्थानीय नागरिक ने चौकी कैंचीधाम पुलिस को सूचना दी कि केरल ढाबे के पास खाई में नदी के किनारे किसी वाहन की लाइट जलती दिख रही है। आशंका जताई गई कि कोई गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर नीचे गिर गई है।​सूचना पर कार्रवाई करते हुए कैंचीधाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से गहरी खाई में तलाशी अभियान शुरू किया गया। नीचे पहुंचने पर पाया गया कि दूध का पिकअप वाहन (संख्या UK04 CC 3465) नदी के पास बुरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ा था।​पुलिस और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे तीनों व्यक्तियों को गंभीर हालत में नदी से बाहर निकाला और तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), भवाली इलाज के लिए भिजवाया।

घायलों के नाम अंकित सिंह (33 वर्ष, वाहन चालक), पुत्र स्व. सतपाल सिंह, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी, बॉबी (22 वर्ष), पुत्र ओम प्रकाश, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी एवं मोहम्मद साकिब (11 वर्ष), पुत्र नफीस अहमद, निवासी हल्द्वानी है।

इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में कैंचीधाम चौकी प्रभारी विजय कुमार, अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार, कॉन्स्टेबल विनोद यादव और कॉन्स्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.