देहरादून पुलिस का अपराधियों पर कसता शिकंजा: रायपुर पुलिस ने 10 लाख की ज्वेलरी चोरी का त्वरित खुलासा कर महिला चोर करी गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

एसएसपी देहरादून के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए और त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना रायपुर पुलिस ने गुरु विहार नेहरूग्राम में हुई लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी की वारदात का रिकॉर्ड समय में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस टीम की इस कार्यप्रणाली और तत्परता की क्षेत्रवासियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।

क्या था पूरा मामला?

दिनांक 09 सितंबर 2026 को वादिनी श्रीमती नीलम पंत निवासी लेन न०-03, मकान न०-05, गुरु विहार नेहरूग्राम, रायपुर ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्वाति शर्मा नामक महिला ने उनके घर से सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण चोरी कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रायपुर में तत्काल संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।

एसएसपी का निर्देश और पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल पुलिस टीमों के गठन का निर्देश दिया। रायपुर पुलिस की कुशल रणनीति और कड़ी पूछताछ के आगे आरोपी महिला ज्यादा देर टिक न सकी। पुलिस टीम ने नामजद अभियुक्ता स्वाति शर्मा पत्नी संजीव शर्मा, निवासी 84 ए रीठा मण्डी, कोतवाली, देहरादून को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के आगे अभियुक्ता ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

10 लाख रुपये के आभूषण बरामद

गिरफ्तार अभियुक्ता की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए जिनमें 01 सोने का हार, 01 सोने का मांग टीका, 02 सोने के कान के झुमके, 01 सोने का टाप्स, 01 सोने की अंगूठी तथा 01 सोने की नथ शामिल थी जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

ऐसे दी वारदात को अंजाम

पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह वादिनी को पिछले तीन महीनों से जानती थी और उनके घर आना-जाना था। घटना वाले दिन घर का दरवाजा खुला देखकर उसकी नीयत बिगड़ गई और उसने आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने अभियुक्ता स्वाति शर्मा को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से आदेशानुसार उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया है।

एसएसपी के दिशा-निर्देशन में इस सफल और त्वरित खुलासे को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना रायपुर से वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक कैलाश चंद हैड कांस्टेबल दीप प्रकाश, हैड कांस्टेबल प्रेम पंवार एवं महिला हेड कांस्टेबल दमयंती शामिल रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.