प्यार में धोखा मिलने पर पूर्व प्रेमिका ने दी थी बैंक कर्मी की हत्या की सुपारी, एसओजी देहरादून व पटेलनगर पुलिस ने किया खुलासा !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

बाईट :- पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात, देहरादून

एसएसपी देहरादून के दूरदर्शी नेतृत्व, सटीक मार्गदर्शन और पटेलनगर पुलिस व एसओजी टीम की तत्परता से देहरादून पुलिस ने बड़ोवाला क्षेत्र में बैंक कर्मी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के हाई-प्रोफाइल मामले का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक शूटर को घायल कर गिरफ्तार किया तथा षड्यंत्र की मुख्य सूत्रधार पूर्व प्रेमिका और उसके सहयोगी को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। दून पुलिस और एसओजी की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई की चौतरफा सराहना हो रही है।

शातिर प्रेमिका ने रची थी हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित बैंक कर्मी सत्यम का उसकी पूर्व सहकर्मी मालिया रहमान से पिछले 5 वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सत्यम से लगातार संपर्क में रहने के कारण मालिया का तलाक हो चुका था। हालांकि, वर्ष 2026 में सत्यम द्वारा किसी अन्य युवती से सगाई करने और बातचीत बंद करने से आहत होकर मालिया ने उसे रास्ते से हटाने का खौफनाक कदम उठाया। आरोपी महिला ने अपने परिचित मोहित के जरिए लक्सर के शातिर अपराधी अंकित चौहान को 5 लाख रुपये में सत्यम की हत्या की सुपारी दी थी, जिसमें 1.20 लाख रुपये एडवांस भी दे दिए गए थे।

एसओजी व पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते मुठभेड़ में शूटर गिरफ्तार

8 सितंबर 2026 को सत्यम पर बड़ोवाला में फायरिंग की घटना के बाद एसएसपी दून ने कोतवाली पटेल नगर पुलिस और एसओजी को तुरंत एक्टिव किया। 11 सितंबर की रात गोरखपुर चौक के पास सघन चेकिंग के दौरान बाइक सवार संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पटेल नगर पुलिस और एसओजी टीम की जवाबी कार्रवाई में शूटर अंकित चौहान पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की निशानदेही और एसओजी की इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने देर रात आईएसबीटी के पास से मुख्य अभियुक्ता मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को धर दबोचा।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। फरार आरोपी अंकुर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

बताते चलें कि अभियुक्त अंकित के विरुद्ध हरिद्वार में दो और पटेल नगर देहरादून में दो अलग-अलग अभियोग पंजीकृत हैं

एसएसपी देहरादून के कुशल निर्देशन में कोतवाली पटेलनगर से प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, कॉन्स्टेबल पंकज, कॉन्स्टेबल अरशद, कॉन्स्टेबल नितिन, कॉन्स्टेबल राजेश पंवार, कॉन्स्टेबल चालक बबलू शामिल थे।

वहीं एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप कुमार, उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, हैड कॉन्स्टेबल किरण कुमार, कॉन्स्टेबल राजेश, कॉन्स्टेबल कॉन्स्टेबल मनोज व कॉन्स्टेबल आशीष शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.