विकासनगर: “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अंतराज्यीय शातिर चोर गिरोह के 2 हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, 40 लाख का माल और नगदी बरामद !

Share your love

संवाददाता : करन सहगल

बाईट पुलिस अधीक्षक देहात (विकासनगर)

एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना सेलाकुई पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में हुई चोरी की 5 घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए अंतराज्यीय शातिर चोर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों विकास पुत्र नाथी राम, निवासी झीवर हेडी, जयन्तीपुर, थाना बिहारीगढ़, सहारनपुर एवं सुमित कुमार पुत्र स्व. धर्मसिंह, निवासी ग्राम हुसैनमलिकपुर, थाना बेहट, जिला सहारनपुर को गिरफ्तार किया है।

अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य काल और 3 लाख 90 हजार रुपये की नगदी बरामद की गई है। इस शानदार सफलता पर एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

दिन में रैकी, रात में वारदात

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे मूल रूप से दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं। कम कमाई के कारण उन्होंने बंद मकानों को निशाना बनाने की योजना बनाई। वर्तमान में गर्मी की छुट्टियों के कारण बाहर गए परिवारों के बंद घरों को वे दिन में काम तलाशने के बहाने चिन्हित करते थे और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अभियुक्त शंकरपुर (सहसपुर) में एक किराए का कमरा लेकर रह रहे थे, जहां वे चोरी का माल छुपाकर रखते थे और उसे थोड़ा-थोड़ा कर बेचते थे।

चैकिंग के दौरान धरे गए आरोपी

सेलाकुई क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कई टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फिर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने चैकिंग के दौरान एक ग्लैमर मोटरसाइकिल (UK-07-AA-2277) पर सवार दो संदिग्धों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से आलानकब (ताला तोड़ने के उपकरण) बरामद हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सेलाकुई क्षेत्र में 5 अलग-अलग चोरियां करना स्वीकार किया।

बैंक खाता फ्रीज और वाहन सीज

अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके किराए के कमरे से 40 लाख का माल और 3 लाख 90 हजार की नगदी बरामद की गई। इसके अलावा, अभियुक्त विकास द्वारा चोरी का माल बेचकर कमाए गए 2 लाख 50 हजार रुपये अपने बैंक खाते में जमा कराने की बात सामने आने पर पुलिस ने उसके खाते को फ्रीज करवा दिया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में एक अन्य साथी भी शामिल है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

बताते चलें कि अभियुक्त विकास के विरुद्ध थाना सेलाकुई में पूर्व में भी कर अलग-अलग मुकदमे पंजीकृत है और अभियुक्त सुमित कुमार के विरुद्ध थाना सेलाकुई में 5, कोतवाली सहसपुर में 1 और थाना बूडिया हरियाणा में 1 अभियोग पंजीकृत है।

इस शानदार खुलासे में थाना सेलाकुई टीम से थानाध्यक्ष लोकपाल परमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विवेक भण्डारी, उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार, हैड कॉन्स्टेबल महेन्द्र, कॉन्स्टेबल बृजेश रावत, कॉन्स्टेबल सुधीर एवं कॉन्स्टेबल सोहन शामिल थे।

​वहीं एसओजी टीम देहरादून से प्रभारी एसओजी देहात निरीक्षक के.आर. पांडे , कॉन्स्टेबल नवनीत नेगी, कॉन्स्टेबल जितेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल सोनी कुमार, कॉन्स्टेबल विपिन एवं कॉन्स्टेबल एवं कॉन्स्टेबल मनोज शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.