सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने वालों को दून पुलिस ने पढ़ाया कानून का पाठ !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो

देहरादून में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस लगातार एक्शन में नजर आ रही है। इसी कड़ी में प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और झगड़ा कर रहे पांच युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

मामला कोतवाली प्रेमनगर क्षेत्र का है, जहां 24 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि एक स्थानीय यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच विवाद हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए मारपीट पर उतारू थे।

जांच में सामने आया कि विवाद दोपहिया वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया। पुलिस ने मौके पर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक नहीं माने और माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लोक-शांति भंग होने की आशंका पर दोनों पक्षों के पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस द्वारा इस घटना की रिपोर्ट संबंधित कॉलेज और यूनिवर्सिटी प्रशासन को भी भेजी जा रही है।

“ऑपरेशन प्रहार के तहत सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति बन रही थी। ऐसे में पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।”

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.