उत्तराखंड से बड़ी खबर: रानीखेत में एनएच के ईई व एई एक लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

Share your love

अल्मोड़ा: विजिलेंस की टीम ने नेशनल हाईवे के रानीखेत डिवीजन में छापा मार अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया। आरोप था कि बार के लाइसेंस की अनापत्ति के लिए शिकायकर्ता से रुपयों की मांग की जा रही थी। सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी में गोपनीय शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। विजिलेंस के छापे व दो अभियंताओं की गिरफ्तारी से हड़कंप रहा।

बीती छह जुलाई को अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी (विजिलेंस) राजेश कुमार भट्ट को शिकायती पत्र दिया गया। शिकायकर्ता के अनुसार रेस्टोरेंट में बार लाइसेंस के लिए डीएम तथा जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में उसने वर्ष 2019 में आवेदन किया था। डीएम के आदेश पर नौ विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया जाना था। इसी के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग रानीखेत डिवीजन से भी अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया जाना था। आरोप था कि विभागीय अधिकारियों ने अनापत्ति की एवज में तीन लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार एक लाख रुपये में अनापत्ति दिए जाने पर बात बनी।

गुरुवार को एसपी विजिलेंस मय टीम एनएच के रानीखेत डिवीजन पहुंचे। इसी दौरान कार्यालय में छापा मार सहायक अभियंता हितेश कांडपाल व इइ एमपी कालाकोटी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसपी (विजिलेंस) के अनुसार जांच शुरू कर दी गई है। अचानक मारे गए छापे से एनएच के साथ ही अन्य डिवीजन कार्यालयों में हड़कंप रहा। सायं कार्यालय को सील कर अभिलेखों की जांच तेज कर दी गई।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.