रेलवे स्टेशन से बच्चा चोरी करने वाला लालपुल से गिरफ्तार

Share your love


लोकजन टुडे, देहरादूनः देहरादून रेलवे स्टेशन से बच्चा चुरा कर फरार युवक को राजकीय रेलवे पुलिस ने पटेलनगर लालपुल के पास गिरफ्तार कर लिया। एसओ जीआरपी दिनेश कुमार ने बताया कि मूलरूप से मुरादाबाद के रहने वाले आशीष कुमार सक्सेना सेलाकुई की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। रविवार की रात वह मुरादाबाद जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्हें काठगोदाम एक्सप्रेस पकडऩी थी, लेकिन किन्हीं कारणों से उनकी ट्रेन छूट गई। लिहाजा वह परिवार के साथ वेटिंग हॉल में आराम करने लगे। उनकी पत्नी ने अपने दस माह के बच्चे को बगल में सुला दिया। रात बारह बजे के बाद उन्होंने पाया कि बच्चा गायब है। उन्होंने स्टेशन पर इधर उधर तलाश करने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना दी। जीआरपी ने शहर और पटेलनगर कोतवाली पुलिस को सूचना देने के बाद संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सोमवार सुबह ग्यारह बजे के करीब आशीष के दस माह के बच्चे वंश को लालपुल के पास से बरामद कर लिया गया। बच्चा चुराने के आरोपित की पहचान आनंद सिंह ठाकुर निवासी गांधीग्राम कांवली रोड के रूप में हुई है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *