बिग ब्रेकिंग! निशंक को मिला केंद्र की मोदी सरकार में बड़ा मंत्रालय
Share your love

लोकजन टुडे, देहरादूनः उत्तराखंड के लिए दो दिन के भीतर ही दो बड़ी अच्छी खबरें आई हैं। पहले दिन पूर्व सीएम डा. रमेश पोखरियाल निशंक को कैबिनेट मंत्री का दायित्व मिला। इसके बाद आज पोर्ट फोलियो बांटे तो फिर निशंक ने सबको पीछे छोड़ते हुए मानव संसाधन जैसा बेहद महत्वपूर्ण मंत्रालय दिया गया है। इसका निश्चित तौर पर उत्तराखंड के लिए खासा महत्व है। जिस प्रकार से आज उत्तराखंड में शिक्षा की स्थिति है उससे उम्मीद की जा सकती है कि यह यहां के लिए बेहद अच्छी खबर है
।
पिछली बार की तरह इस बार भी उत्तराखंड की पांचों सीटों पर भाजपा ने परचम फहराया। हरिद्वार से रमेश पोखरियाल निशंक, टिहरी से माला राज्यलक्ष्मी शाह और अल्मोड़ा से अजय टम्टा लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए, जबकि पौड़ी से तीरथ सिंह रावत व नैनीताल से अजय भट्ट पहली दफा लोकसभा पहुंचे। इनमें से निशंक पूर्व मुख्यमंत्री हैं तो टम्टा पिछली मोदी सरकार में राज्य मंत्री के रूप में शामिल रहे। अजय भट्ट भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हैं, जबकि तीरथ सिंह रावत पार्टी के राष्ट्रीय सचिव।
इन दिग्गजों के बीच निशंक को केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया तो इसका सीधा मतलब है कि उन्हें वरिष्ठता के कारण तरजीह मिली। निशंक अविभाजित उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। उत्तराखंड के अलग राज्य बनने पर वह अंतरिम सरकार में वित्त समेत कई विभागों के मंत्री बने। वर्ष 2007 में भाजपा के राज्य में सत्ता में आने पर उन्हें स्वास्थ्य मंत्री का जिम्मा दिया गया। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड की पांचों सीटों पर भाजपा का सफाया हो गया तो तत्कालीन मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के उत्तराधिकारी के रूप में उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी मिली। वह लगभग सवा दो साल मुख्यमंत्री रहे।
पिछले लोकसभा चुनाव में विधायक रहते हुए भाजपा ने निशंक को हरिद्वार लोकसभा सीट से मैदान में उतारा और वह आसानी से जीत भी गए। हालांकि उस वक्त भी निशंक को केंद्र में मंत्री पद का दावेदार माना जा रहा था, लेकिन तब अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा को राज्य मंत्री बनाया गया। बतौर सांसद अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान निशंक सदन में खासे सक्रिय रहे। उन्हें लोकसभा की सरकारी आश्वासन समिति के सभापति का दायित्व दिया गया। निशंक लोकसभा में उत्तराखंड के सबसे ज्यादा सक्रिय सांसद के रूप में नजर आए। ये ही तमाम कारण रहे कि उन्हें अब टीम मोदी में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया गया।
निशंक की ताजपोशी से भाजपा ने उत्तराखंड में कई तरह का संतुलन साधने में कामयाबी पाई है। निशंक हैं तो मूल रूप से गढ़वाल के निवासी, लेकिन लोकसभा में वह राज्य के मैदानी हिस्से हरिद्वार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, यानी क्षेत्रीय संतुलन के पैमाने पर फिट। उत्तराखंड के लिहाज से देखें तो मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत राजपूत हैं और निशंक ब्राह्मण। मतलब राज्य के दो शीर्ष नेताओं के मध्य जातीय संतुलन भी सध गया। हरिद्वार लोकसभा सीट राज्य की ऐसी सीट है, जहां पर्वतीय, मैदानी मूल के लोगों के साथ ही मुस्लिम, अनुसूचित जाति और ओबीसी मतदाताओं की संख्या भी खासी है। यानी, हरिद्वार सीट पूरे राज्य के सामाजिक ढांचे को एक साथ प्रतिबिंबित करती है। निशंक उत्तराखंड में भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार हैं, लिहाजा उन्हें केंद्र में मंत्री बनाकर पार्टी के आंतरिक समीकरणों में भी संतुलन स्थापित किया गया है।
रमेश पोखरियाल निशंक ( केंद्रीय मंत्री व सांसद हरिद्वार) का कहना है कि मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का हार्दिक आभार। केंद्र सरकार के मंत्री के रूप में मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जमीन पर उतारने का पूरा प्रयास करूंगा। यही मेरा मिशन रहेगा। पूरी दुनिया में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की अलग पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मंत्रिमंडल में जो भी जिम्मेदारी सौंपेंगे, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश रहेगी।
Discover more from Lokjan Today
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Uttarakhand Latest News Portal
Section: अंग्रेजी | मनोरंजन | विदेश | देश | उत्तराखंड | राजनीति | स्पोर्ट्स | ट्रैवल | वीडियो
Latest News: Delhi | Himachal | Haryana | Punjab | Rajasthan | Bihar | Maharashtra | Uttar Pradesh | Madhya Pradesh | Jharkhand | Gujarat | Jammu and Kashmir
LokJan Today is your news, entertainment, music, and fashion website. We provide the latest breaking news and videos straight from Uttarakhand and other parts of India. Uttarakhand leading newspaper and online portal. We share information and breaking news about Dehradun, Nainital, Rishikesh, Haridwar, etc.
Contact us: editor@lokjantoday.com
