उत्तराखंड में मौसम रहेगा शुष्क, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड; बदरीनाथ में माइनस 11 डिग्री पहुंचा पारा!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर थमने के बाद अब अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 22 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।

पहाड़ों में गिरते तापमान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। चमोली जिले के बदरीनाथ धाम में तापमान माइनस 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कड़ाके की ठंड के चलते यहां नदी और जलस्रोतों के किनारे पानी जमने लगा है। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ ही बर्फ जमने का सिलसिला भी तेज हो रहा है।

22 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 16 से 22 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। इससे सुबह के समय आवाजाही करने वालों को परेशानी हो सकती है।

मैदानी इलाकों में भी बढ़ी प्रदूषण की चिंता

एक ओर पहाड़ों में ठंड बढ़ रही है, तो दूसरी ओर प्रदेश के कुछ शहरों में हवा की गुणवत्ता चिंता बढ़ा रही है। पांच शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर खराब दर्ज किया गया है। ऐसे में खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के साथ ही पहाड़ों में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने के साथ ही बाहर निकलते समय सतर्कता बरतना जरूरी है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.