उत्तराखंड: मातम में बदली खुशियां, बेटी की विदाई कर लौट रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसे का शिकार, मौत

Share your love

किच्छा: उत्तराखंड के किच्छा में मंगलवार तड़के परिवार बेटी की विदाई कर लौट रहा था कि तभी उनकी कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दुल्हन की मां समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब पांच से छह बजे के बीच हुआ। किच्छा निवासी जगदीश अग्रवाल अपने परिवार के साथ बेटी की शादी करने गदपुर गए थे। सोमवार रात को शादी के बाद आज सुबह लड़की की विदाई करने के बाद उसका भाई, मां, ताई, पड़नानी और पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला कार से वापस किच्छा लौट रहे थे।

इस दौरान आदित्य चौक के पास राहगीर को बचाने के चक्कर में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खड्डे में गिर गई। खड्डे में गिरने से कार के परखच्चे उड़ गए । हादसे के दौरान वहां मॉर्निंग वॉक कर रहे एफसीआई के प्रबंधक चरण सिंह उम्र 40 भी कार की चपेट में आ गए जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते देख राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस और राहगीरों ने किसी तरह कार के अंदर से लोगों को बाहर निकाला लेकिन तब चरण सिंह के साथ ही कुसुम लता आयु 55 वर्ष पत्नी ज्योति प्रकाश शर्मा निवासी पुरानी गल्ला मंडी किच्छा और मंजू आयु 62 पत्नी जगदीश निवासी बसंत गार्डन किच्छा की मौत हो चुकी थी।

जबकि निर्मला देवी पत्नी सुरेंद्र गोयल व लड़की का भाई रॉकी, अनिता पत्नी मदन गोपाल घायल हो गए। घायलों को रुद्रपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि हादसा घर से करीब 100 मीटर दूर ही हुआ। रॉकी अपनी पड़नानी को किच्छा में ही उनके घर छोड़कर तब वापस लौटकर अपने घर आने वाला था। वह उन्हें छोड़ने अपने घर से कुछ दूर ही निकला था कि हादसा हो गया।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.