“ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने सघन चैकिंग अभियान के दौरान 15-15 हजार के दो ईनामी किए गिरफ्तार!

Share your love

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देशों पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने एक साहसिक मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास में वांछित 15-15 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पकड़े गए बदमाश शातिर अपराधी हैं, जो बिहार में एक व्यक्ति की हत्या और लाखों की लूट को अंजाम देकर उत्तराखंड में छिपे हुए थे।

चारधाम यात्रा-2026 के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए ऋषिकेश पुलिस 7 जून की रात नटराज चौक क्षेत्र में चल रहे सघन चैकिंग अभियान के दौरान ढालवाला की ओर से आ रही एक बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध अपने मुंह कपड़े को कपड़े से ढक कर आ रहे थे जिन्हें रुकने का इशारा करने पर रुकने की बजाए बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और बैरियर को टक्कर मारते हुए हरिद्वार बाईपास की ओर फरार हो गए।

खांड गांव के पास जब पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की, तो वे मोटरसाइकिल को रेलवे लाइन के पास जंगल की तरफ मोड़ने लगे जहाँ अनियंत्रित होकर उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे एक गोली पुलिस वाहन के साइड मिरर पर जा लगी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई।

पुलिस ने मौके से एक 32 बोर का अवैध देसी पिस्टल, एक 315 बोर का अवैध देसी तमंचा, 04 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस, बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक और ₹1500 नगद बरामद किए हैं।

दोनों बदमाशों की पहचान ​आमिर पुत्र लड्डू, निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार एवं ​अनवारूल हक उर्फ अनवर पुत्र सदाकत उर्फ सफाकत हुसैन, निवासी जिला सीतामढ़ी, बिहार, हाल निवासी नबी करीम, दिल्ली है।

बताते चलें कि अनवारूल हक उर्फ अनवर पुत्र सदाकत के ऊपर कोतवाली ऋषिकेश में अलग अलग धाराओं में दो अलग अलग अभियोग पंजीकृत हैं तथा बिहार में एक अभियोग पंजीकृत किया जिसमे आर्म्स एक्ट जैसी धारा के तहत भी अभियोग पंजीकृत हैं।

इस साहसिक मुठभेड़ को अंजाम देने वाली टीम में ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक राजकुमार, सुमित चौधरी, SOG से हैड कॉन्स्टेबल विपिन सैनी ,कांस्टेबल मनोज, कॉन्स्टेबल शेखर सैनी, कांस्टेबल तेजपाल सिंह और कॉन्स्टेबल मिथिलेश शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.