​क्राइम मीटिंग में एसएसपी का कड़ा रुख: लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों को सख्त चेतावनी, निलंबन की दी हिदायत !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

राजधानी देहरादून में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग में कसावट लाने के उद्देश्य से एसएसपी देहरादून द्वारा पुलिस कार्यालय में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) की गई।

बैठक के दौरान एसएसपी ने ढिलाई और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत देते हुए कहा कि जनसेवा और पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लापरवाही मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी व अधिकारियों को निलंबित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

मासिक अपराध गोष्ठी के प्रमुख बिंदु एवं निर्देश:

CCTNS पोर्टलों में समय पर डेटा अपडेट करने के निर्देश: सीसीटीएनएस के अंतर्गत विभिन्न पोर्टलों की समीक्षा करते हुए समय पर सूचनाएं अध्यावधिक (Update) न करने पर एसएसपी ने थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जानकारियों को नियमित और समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर दर्ज किया जाए।

लंबित विवेचनाओं पर जिम्मेदारी तय: सर्किलवार लंबित विवेचनाओं की समीक्षा के दौरान असंतोषजनक प्रगति पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी ने स्पष्ट किया कि बिना कारण विवेचना लंबित रखने पर केवल विवेचक ही नहीं, बल्कि संबंधित थाना प्रभारी की भी जिम्मेदारी तय कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

रात्रि गश्त और पुलिस विजिबिलिटी पर जोर: सांयकालीन एवं रात्रि गश्त को अधिक प्रभावी बनाने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी (दृश्यता) बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने चेतावनी दी कि चेकिंग या गश्त में लापरवाही के कारण कोई घटना होती है, तो थानाध्यक्ष जिम्मेदार होंगे। वहीं, राजपत्रित अधिकारियों को नियमित रूप से रात्रि चेकिंग का निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजने का आदेश दिया गया है।

पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण: थाने पहुंचने वाले फरियादियों व पीड़ितों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। शिकायती प्रार्थना पत्रों को किसी भी दशा में अकारण लंबित न रखने की सख्त ताकीद की गई।

साइबर अपराध और ई-जीरो एफआईआर पर फटकार: नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल एवं साइबर शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित प्रगति न होने पर एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को फटकार लगाते हुए मामलों के शीघ्र और विधिक निस्तारण के आदेश दिए।

नशा तस्करों की संपत्तियों का होगा जब्तीकरण: एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की समीक्षा करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अभ्यस्त नशा तस्करों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा उनके द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को चिह्नित कर जब्त करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.