एसएसपी मणिकांत मिश्रा का अपराधियों पर कड़ा प्रहार लगातर जारी, खटीमा में हुई हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार !

Share your love

कोतवाली खटीमा क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने त्वरित और निर्णायक कार्रवाई के साथ सुलझा लिया है। 12 दिसंबर को रोडवेज बस स्टेशन के सामने मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक तुषार भारद्वाज की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस मामले में मृतक के परिजन की तहरीर पर थाना खटीमा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अलग–अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान चश्मदीदों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से सामने आया कि मुख्य आरोपी हाशिम ने अपने साथियों के साथ मिलकर तुषार भारद्वाज पर चाकुओं से हमला कर निर्मम हत्या की तथा अन्य दो युवकों को गंभीर रूप से घायल किया।

एसएसपी के कुशल निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी एवं क्षेत्राधिकारी खटीमा बिमल रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक खटीमा बिजेन्द्र शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। इसी बीच देर रात मुखबिर की सूचना पर कस्बा झनकट स्थित ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी की गई। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के लिए कहे जाने पर आरोपी हाशिम ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए नानकमत्ता अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला चिकित्सालय रुद्रपुर रेफर किया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
हत्या में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

वहीं अभियुक्त का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और मामले में कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.