एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति: “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट “कोबरा गैंग” का भंडाफोड़

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

सीएम धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन के अंतर्गत और एसएसपी देहरादून के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है । थाना राजपुर पुलिस ने एक सुनियोजित रणनीति के तहत कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी से जुड़े ‘कोबरा गैंग’ का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर दो शातिर विदेशी पैडलरों सहित कुल तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है जिनके कब्ज़े से लगभग 20 लाख रुपये अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य की 20.92 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली अवैध कोकीन बरामद की गई है।

बाइट- एसएसपी देहरादून

पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दिनांक 2 जून 2026 को चैकिंग के दौरान मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ‘कोबरा गैंग’ से जुड़े ड्रग पैडलर देहरादून के राजपुर क्षेत्र में होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की मोटी सप्लाई देने के लिए आने वाले हैं जिसका संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष राजपुर के नेतृत्व में अलग -अलग पुलिस टीमों का गठन कर पूरे क्षेत्र में सघन चैकिंग अभियान चलाया गया जिसके फलस्वरूप पहली बड़ी जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास मिली, जहां पुलिस टीम ने एक स्कूटी (संख्या: UK-07-AA-4478) पर सवार दो संदिग्धों को रोकने और तलाशी लेने पर उनके पास से 9.15 ग्राम अवैध कोकीन बरामद हुई। पूछताछ में दोनों की पहचान सूडान मूल के विदेशी नागरिकों के रूप में हुई।

वहीं, दूसरी सफलता ओल्ड मसूरी रोड पर सीआईएसएफ तिराहे के पास मिली, जहां पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार संख्या: UK-07-TD-7532 को रोककर एक अन्य शातिर तस्कर को 11.77 ग्राम कोकीन के साथ दबोच लिया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमों में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा सख़्ती से पूछताछ करने पर गिरफ्तार सूडानी नागरिकों ने कुबूल किया कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय ‘कोबरा गैंग’ के मुख्य सदस्य हैं। ये आरोपी वैध-अवैध तरीकों से सूडान से देहरादून आते-जाते रहते हैं और दिल्ली से डिमांड के अनुसार कोकीन की खेप लाकर देश के विभिन्न राज्यों व देहरादून की हाई-प्रोफाइल पार्टी सर्किट में अपने एजेंटों और पैडलरों के माध्यम से सप्लाई करते हैं।

उन्होंने बताया कि बरामद की गई कोकीन वे कुछ दिन पूर्व ही दिल्ली में अपने एक अन्य विदेशी साथी ‘फ्रान्जी’ से लेकर आए थे।वहीं, कार के साथ पकड़े गए तीसरे स्थानीय अभियुक्त जावेद आलम ने खुलासा किया कि वह दिल्ली से ‘जॉन’ नाम के व्यक्ति से कोकीन लेकर आया था और इसे देहरादून की पार्टियों में ‘कालिंस’ नामक ड्रग पैडलर के साथ मिलकर खपाने की योजना थी। पुलिस अब इन कड़ियों को जोड़ते हुए फरार आरोपियों (फ्रान्जी, जॉन और कालिंस) की तलाश में जुट गई है।

गिरफ्तार हुए अभियुक्तों के नाम ​माइकल इक्का मेकसन पुत्र रॉबर्ट, मूल निवासी- सूडान, हाल निवासी: पंजाबी कॉलोनी, हरिद्वार बायपास रोड, निकट ISBT, देहरादून,
​लेविकिरी वानिकी पुत्र वानिकी फिलिफ, उम्र 24 वर्ष, मूल निवासी- सूडान एवं ​जावेद आलम पुत्र मुस्तफा, निवासी रहमत कॉलोनी, बरला रोड, निकट बिजली घर, देवबंद, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर है।

अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजपुर उपनिरीक्षक पी०डी० भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत, चौकी प्रभारी जाखन उपनिरीक्षक सूरज कंडारी, उपनिरीक्षक अनित कुमार, कांस्टेबल मुकेश, ललित, सुशील एवं अमित शामिल थे।

पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

उल्लेखनीय है कि दून पुलिस द्वारा पूर्व में भी कोबरा गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 09 विदेशी नागरिकों सहित कुल 13 तस्करों को जेल भेजा जा चुका है, जिनसे करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य की 200 ग्राम कोकीन बरामद की गई थी। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2026 के शुरुआती केवल 5 महीनों में दून पुलिस ने नशा तस्करों की कमर तोड़ते हुए करीब 03 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ (1 किलो 230 ग्राम स्मैक, 09 किलो चरस, 51 किलो से अधिक गांजा और भारी मात्रा में नशीली गोलियां/कैप्सूल) जब्त कर कुल 145 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.