इस नियम के तहत तो अभी मुख्यमंत्री रहेंगे महाराष्ट्र के उद्धव ठाकरे

Share your love

शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक पर विराम लगाते हुए राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। ठाकरे ने देर शाम फेसबुक लाइव करने की घोषणा की थी, जिसके बाद से अनुमान लगाए जा रहे थे कि वो सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उद्धव फेसबुक लाइव के दौरान ही सभी का आभार जताते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता भी छोड़ने की घोषणा की है। फेसबुक लाइव पर इस्तीफे का एलान करने के तुरंत बाद वह राजभवन के लिए रवाना हो गए।

उद्धव ठाकरे ने बुधवार देर रात मुबंई में राजभवन जाकर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को अपने मंत्रीमंडल का इस्तीफा सौंप दिया। उनके साथ उनके बेटे और केबिनेट मंत्री आदित्य ठाकरे, एनसीपी कोटे से कैबिनेट मंत्री अनिल परब समेत कई वरिष्ठ मंत्री भी राजभवन पहुंचे थे।

राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। हालांकि, उद्धव ठाकरे को वैकल्पिक व्यवस्था होने तक मुख्यमंत्री (अंतरिम मुख्यमंत्री) के रूप में कार्य करने के लिए कहा गया है।

आपको बता दें, फेसबुक लाइव के तुरंत बाद उद्धव ठाकरे राजभवन के लिए रवाना हो गए। इससे पहले, 50 विधायकों के समर्थन वापसी के बाद अल्पमत में आई उद्धव सरकार से राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने गुरुवार को सुबह 11 बजे विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा था। इस फैसले के खिलाफ मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। बुधवार रात नौ बजे के बाद सुनाए फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने राज्यपाल के निर्णय पर मुहर लगा दी थी। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जेबी पारदीवाला की अवकाशकालीन पीठ ने लगभग साढ़े तीन घंटे तक दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला बुधवार रात नौ बजे तक के लिए सुरक्षित रख लिया था।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.