सनसनीखेज़ : ‘सेवा संकल्प अभियान’ से पहले डिग्री कॉलेज रामनगर के प्रिंसिपल को जिंदा जलाने की धमकी,पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

​रामनगर /नैनीताल: प्रशासनिक अमले और आम जनता की मौजूदगी वाले एक बड़े जन-कल्याणकारी कार्यक्रम से ठीक पहले रामनगर में हड़कंप मच गया। शासकीय कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक में भय पैदा करने और डिग्री कॉलेज रामनगर के प्रधानाचार्य को जिंदा जलाने की दुस्साहसिक धमकी देने वाले तीन युवकों पर पुलिस का चाबुक चला है। नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

जानिए पूरा मामला…

​शासन के निर्देशानुसार 08 अक्टूबर 2026 को डिग्री कॉलेज रामनगर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन प्रस्तावित था। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी नैनीताल, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आम जनता की उपस्थिति में जनसमस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाना था।​

कार्यक्रम की तैयारियों के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हुआ। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में तीन युवक—पूर्व छात्रसंघ चुनाव की आड़ में—आपत्तिजनक और भड़काऊ बातें करते दिखे।

वीडियो में आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी:​

“कल सुबह 10:30 बजे इकठ्ठा होकर ज्ञापन देंगे, और कार्रवाई न होने पर प्रिंसिपल के ऊपर तेल डालकर आग लगा देंगे।”​

पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई​

किसी लोक सेवक को उसके कर्तव्यों के पालन से रोकने और जान से मारने की इतनी गंभीर धमकी का संज्ञान लेते हुए, प्रभारी निरीक्षक रामनगर श्री सुशील कुमार ने तुरंत मोर्चा संभाला। कोतवाली रामनगर में मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया।

अभियुक्तों के नाम अनस पुत्र जुल्फकार सिद्धगी निवासी शक्तिनगर पुछरी, कल्पित बिष्ट पुत्र त्रिलोक सिंह बिष्ट निवासी किशनपुर छोई एवं सानिब सिद्धगी पुत्र अजीमटांडा निवासी रामनगर है।

कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को कड़ा संदेश

नैनीताल पुलिस मीडिया सैल के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अराजकता फैलाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.