देहरादून:हाउस टैक्स जमा करने को बुजुर्गों के लिए होगा अलग काउंटर

Share your love

LokJan Today(देहरादून):देहरादून  नगर निगम में हाउस टैक्स जमा कराने आ रहे बुजुर्गों को सुबह से शाम तक घंटों कतार में लगना पड़ रहा। स्थिति ये है कि बुजुर्ग पूरा दिन कतार में लग रहे और कई दफा उनका नंबर आने से पहले ही काउंटर बंद कर दिए जा रहे। इससे आजिज बुजुर्गों ने महापौर से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। महापौर सुनील उनियाल गामा ने आदेश दिए हैं कि बुजुर्गों के लिए अलग कतार की व्यवस्था की जाए। 

हाउस टैक्स में बीस फीसद की छूट की समयसीमा खत्म होने में अब चार दिन ही शेष हैं। ऐसे में निगम में टैक्स जमा कराने वालों की भीड़ उमड़ रही। इसमें बुजुर्गों की संख्या भी खासी अधिक रहती है। मौजूदा समय में निगम में हाउस टैक्स जमा करने के लिए दो ही काउंटर लगते हैं। इनमे एक महिलाओं जबकि दूसरा पुरुषों के लिए है।

बुजुर्गों के लिए कोई अतिरिक्त काउंटर नहीं है। जिसके कारण उन्हें सामान्य कतार में लगना पड़ रहा। बुजुर्ग कतार में लगे हुए थे कि लंच का समय होने पर काउंटर बंद हो गया। चार घंटे से कतार में लगे बुजुर्ग परेशान होकर महापौर के दफ्तर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

महापौर ने तत्काल इसका संज्ञान लेकर कर अधीक्षक धर्मेश पैन्यूली को आदेश दिया कि बुजुर्गों के लिए अलग से काउंटर खोला जाए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का पूरा ध्यान रखा जाए। महापौर ने तभी कर्मचारियों को बुलाकर परेशान बुजुर्गों का टैक्स भी जमा कराया। वहीं, निगम में करीब 30 लाख रुपये टैक्स जमा हुआ। नगर निगम के कर अधीक्षक पैन्यूली ने बताया कि टैक्स में 20 प्रतिशत छूट के अब केवल चार दिन बचे हैं, इसके बाद छूट नहीं दी जाएगी। बताया कि निगम अब तक लगभग 35 करोड़ रुपये टैक्स आ चुका है।

 

 


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *