पिस्टल का ‘शो-ऑफ’ पड़ा भारी: लापरवाही से चली गोली मित्र की नाक पर लगी, अभियुक्त गिरफ्तार !

Share your love

कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र अंतर्गत ओम सिटी में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है, जहां अवैध पिस्टल का रौब झाड़ना और “शो-ऑफ” करना एक युवक को बेहद भारी पड़ गया। पिस्टल की चेकिंग के दौरान बरती गई घोर लापरवाही के कारण अचानक चली गोली सीधे एक अन्य युवक की नाक के समीप जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के सख्त निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पटेलनगर पुलिस टीम ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नामजद अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी पुत्र रूपलाल शर्मा, निवासी 108 गुरु रोड, थाना पटेलनगर को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली है।

कल दिनांक 19 जून 2026 को हंसराज सैनी, पुत्र रोहताश सैनी, निवासी भोगपुर, थाना पथरी, जिला हरिद्वार ने कोतवाली पटेलनगर को प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया सुबह तड़के करीब 2:30 बजे जिस समय वह ओम सिटी स्थित अपने किराये के मकान में जब अपने दो साथियों गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी और शुभम अग्रवाल के साथ मौजूद था, उस समय वह अपने पास पहले से रखी एक पिस्टल को अपने साथियों को दिखा रहा था। तभी गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी ने पिस्टल को अपने हाथ में लेकर जांचना शुरू किया, और अचानक ट्रिगर दब जाने से गोली चल गई, जो सीधे हंसराज की नाक के बगल में जा धंसी।

घटना की गंभीरता के मद्देनजर एसएसपी देहरादून ने कोतवाली पटेलनगर पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जिनका त्वरित संज्ञान लेते हुए कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत नामजद अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया ।

मामले की संजीदगी को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुंसाई ने तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन करते हुए घटनास्थल और उसके आस-पास के क्षेत्रों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ-साथ अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किए जिनके फलस्वरूप सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 19 जून को ही नामजद अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी को ओम सिटी के बाहर मुख्य सड़क से घेराबंदी कर धर दबोचा।

पुलिस की कड़ी पूछताछ में अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी ने पूरी घटना का सच उगलते हुए बताया कि वह 18-19 की रात को अपने साथी शुभम अग्रवाल के साथ घूम रहा था। इसी बीच उसके पुराने मित्र और प्रॉपर्टी डीलिंग के साझीदार हंसराज ने, जिससे उसकी जान-पहचान पिछले 9-10 वर्षों से है, फोन कर बताया कि उसने 65 हजार रुपये में एक ‘नया पिस्टल’ खरीदा है, और उसे देखने के लिए उन्हें अपने ओम सिटी स्थित फ्लैट पर बुलाया। जब वे दोनों फ्लैट पर पहुंचे, तो हंसराज उन्हें वह पिस्टल दिखाने लगा। इसी दौरान जब गोपाल शर्मा पिस्टल को चैक कर रहा था, तो अचानक असावधानीवश उसका हाथ ट्रिगर पर दब गया, जिससे चली गोली सीधे हंसराज की नाक के पास लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

​घटना के तुरंत बाद अभियुक्त गोपाल शर्मा ने घायल हंसराज को डराया कि पिस्टल का लाइसेंस न होने के कारण पुलिस उन दोनों को जेल भेज देगी। गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त ने एक मनगढ़ंत और झूठी कहानी रची। उसने हंसराज से कहा कि वह पुलिस को बताए कि छत पर टहलने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चलाई गई गोली से वह घायल हुआ है। इस साजिश के तहत उन्होंने हंसराज के चेहरे से टपकते खून की कुछ बूंदें जानबूझकर छत पर गिराईं ताकि कहानी सच लगे, और कमरे के फर्श पर फैले खून को साफ कर दिया। इसके बाद अभियुक्त गोपाल शर्मा और शुभम अग्रवाल स्कूटी से घायल हंसराज को इलाज के लिए इंद्रेश अस्पताल ले गए। अस्पताल जाने के रास्ते में गोपाल शर्मा ने अवैध पिस्टल को ओम सिटी के पास झाड़ियों में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर अक्षुण्ण दशा में बरामद कर लिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी के विरुद्ध पूर्व में भी कोतवाली पटेलनगर में बलवा, मारपीट और तोड़फोड़ ल के तहत अभियोग दर्ज है।

इस संवेदनशील मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली पटेलनगर पुलिस टीम में से प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक प्रवीण पुण्डीर, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, कॉन्स्टेबल विपिन कुमार, कॉन्स्टेबल शिवराज सिंह कॉन्स्टेबल बृजमोहन सिंह एवं कॉन्स्टेबल कैलाश पंवार शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.