बीकेटीसी बोर्ड बैठक में लिए गए कई अहम फैसले- विजय कपरवान, उपाध्यक्ष बीकेटीसी !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो

श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बजट बैठक मंगलवार को देहरादून स्थित केनाल रोड कार्यालय में समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी चारधाम यात्रा सत्र 2026–27 को ध्यान में रखते हुए लगभग 121 करोड़ से अधिक का अनुमानित बजट पारित किया गया।

साथ ही श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ मंदिर में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में बदरीनाथ धाम के लिए लगभग 57.47 करोड़ रुपये तथा केदारनाथ धाम के लिए करीब 63.60 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

प्रस्तावित आय के सापेक्ष लगभग 99.45 करोड़ रुपये का व्यय निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने पिछली बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत करते हुए वर्ष 2026–27 का बजट रखा।

आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए यात्रा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल, बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को खुलेंगे। बैठक में ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में शिविर कार्यालय खोलने, धामों में निर्धारित दूरी तक मोबाइल प्रतिबंधित करने, मंदिर परिसर में दर्शन पंक्तियों की रेलिंग मरम्मत, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता और आवासीय व्यवस्थाओं को मजबूत करने जैसे प्रस्ताव भी पारित किए गए।

इसके अलावा कर्मचारियों की पदोन्नति, वेतन विसंगति दूर करने, रिवॉल्विंग फंड बनाने और पूजा-दर्शन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित करने पर भी चर्चा हुई। समिति पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि इन निर्णयों से आगामी यात्रा सत्र में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर दर्शन सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.