नैनीताल पुलिस की बड़ी सफलता: लालकुआं विवाहिता आत्महत्या मामले का खुलासा, SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल नेतृत्व में मुख्य आरोपी गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

​लालकुआं /नैनीताल: जनपद नैनीताल में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे मुहीम के तहत एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल नेतृत्व और प्रभावी कार्यशैली की बदौलत लालकुआं पुलिस ने विवाहिता आत्महत्या प्रकरण का त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। SSP नैनीताल के दूरदर्शी निर्देशों और पुलिस टीम की मुस्तैदी के परिणामस्वरूप पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

जानिए क्या है मामला ?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 6 अगस्त 2026 को ग्राम गंगापुर कबडाल (मोटाहल्दू, लालकुआं) निवासी एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के पिता राजेन्द्र प्रसाद निवासी मुक्तेश्वर ने थाना लालकुआं में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके दामाद का हेल्पर आशिक अली मृतका को झांसे में लेकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, जिससे तंग आकर महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

इसके अतिरिक्त, तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया था कि सह-अभियुक्त साहिब अली एवं देवेश गंगवार द्वारा कानूनी कार्रवाई करने पर मृतका के पति विजय पलड़िया को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालकुआं में भारतीय न्याय सहिंता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

अपराधों पर सख्त रुख अपनाने वाले SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के स्पष्ट निर्देशों, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं सीओ लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी व डिजिटल साक्ष्यों को खंगालते हुए गहन जांच शुरू की।

चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल कुबेर सिंह की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी आशिक अली (निवासी बेरहम नगर, बरेली, उत्तर प्रदेश; हाल निवासी गुमटी, हल्दूचौड़) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से ब्लैकमेलिंग में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया है, जिसमें आपत्तिजनक सामग्री मौजूद थी। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।

फरार आरोपियों की तलाश तेज

मामले में नामजद अन्य दो फरार आरोपियों—साहिब अली और देवेश गंगवार—की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। SSP नैनीताल के कड़े रुख को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

नैनीताल पुलिस की इस त्वरित, पारदर्शी और सटीक कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है, जिसके लिए SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और उनकी टीम की सर्वत्र सराहना की जा रही है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.