दून पुलिस ने करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश का किया पर्दाफाश: 10 वर्ष पूर्व मृत व्यक्ति को खड़ा कर बनाई फर्जी अटॉर्नी, दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के सख्त निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत दून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने करोड़ों रुपये की कीमती भूमि को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर हड़पने के षड्यंत्र में शामिल फरार चल रहे आरोपी राजकमल को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

10 साल पहले मृत व्यक्ति के नाम पर बनाई फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी

मामले की जानकारी के अनुसार, वादी राहुल देव (पुत्र स्व. अशोक कुमार, निवासी टर्नर रोड, पटेलनगर) ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ममेरे दादा स्व. केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में अपनी संपत्ति वसीयत के जरिए उनके नाम की थी। वर्ष 2016 में दादाजी के निधन के बाद राहुल देव ने 2024 में उक्त संपत्ति को अपने नाम दर्ज कराया।

वर्ष 2026 में जब वादी ने भूमि की फर्द निकाली, तो पता चला कि बबीता देवी, राजकमल और मो. इनाम कुरैशी ने मिलकर एक बड़ा फर्जीवाड़ा किया है। आरोपियों ने वर्ष 2015-2025 के दौरान 10 वर्ष पूर्व मृत हो चुके केवल कृष्ण के स्थान पर किसी अज्ञात व्यक्ति को खड़ा कर फर्जी अधिकार पत्र (पावर ऑफ अटॉर्नी) तैयार करवा लिया और अदालत में संपत्ति पर स्टे हेतु आपत्ति दर्ज करा दी। इस फर्जी अटॉर्नी में राजकमल और मो. इनाम कुरैशी बतौर गवाह शामिल थे।

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी

वादी की तहरीर पर 17 अप्रैल 2026 को थाना पटेलनगर में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।​

एसएसपी के निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने रजिस्ट्री कार्यालय, राजस्व विभाग और विभिन्न बैंकों से साक्ष्य एकत्र किए। साक्ष्य मजबूत होने पर मुख्य अभियुक्ता बबीता देवी निवासी ग्राम बीराखेड़ी, गंगोह, सहारनपुर को 01 जून 2026 को ही सहारनपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।​

मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में 31 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दूसरे मुख्य आरोपी राजकमल, निवासी जय कॉलोनी/हसनपुर चुंगी, सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली पटेलनगर प्रमोद शाह, हैड कॉन्स्टेबल मनोज कुमार, कॉन्स्टेबल प्रमोद परमार और एसओजी से हैड कॉन्स्टेबल किरण कुमार शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.