देहरादून: नगर निगम कर्मी बनकर बुजुर्ग महिला को बंधक बनाने वाले 2 लुटेरे 12 घंटे में गिरफ्तार, थाना रायपुर पुलिस ने शत-प्रतिशत माल किया बरामद!

Share your love

संवाददाता : करन सहगल

दून पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए रायपुर थाना क्षेत्र में हुई दुस्साहसिक लूट की वारदात का महज़ 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की सटीक रणनीति के चलते पुलिस ने बुजुर्ग महिला को घर में बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटी गई शत-प्रतिशत संपत्ति भी बरामद कर ली है।

मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 19 जुलाई 2026 को गढ़वाली कॉलोनी, रायपुर निवासी वादिनी श्रीमती गीता काला ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 19 जुलाई की दोपहर लगभग 2:00 से 2:30 बजे के बीच उनकी बुजुर्ग माता श्रीमती भुवनेश्वरी देवी गली नंबर 03 स्थित अपने घर पर अकेली थीं। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर घर में जबरन दाखिल हो गए। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर उनके कान के सोने के कुण्डल, अंगूठी, 3 हजार रुपये नगद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

65 CCTV कैमरों के फुटेज से मिला सुराग

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए थाना रायपुर में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास तथा आने-जाने वाले रास्तों पर लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से पुलिस को 02 संदिग्धों के सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पूर्व में इस प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे अपराधियों के हुलिए से फुटेज का मिलान कराया।

नशे की लत पूरी करने के लिए रची थी साजिश

लगातार प्रयासों के बाद, 20 जुलाई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने सीक्यूआई जंगल, रायपुर से दोनों अभियुक्तों ​सागर सिंह रावत (पुत्र प्रेम सिंह रावत) – निवासी: गली नंबर-05, अपर गढ़वाली कॉलोनी, रिंग रोड, रायपुर, देहरादून ​अंकित गुप्ता (पुत्र प्रवेश गुप्ता) – निवासी: आदर्श कॉलोनी, रिंग रोड, निकट 6 नंबर पुलिया, रायपुर, देहरादून को दबोच लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे दोनों प्लंबर का काम करते हैं और गंभीर नशे के आदी हैं। आरोपी सागर पीड़ित बुजुर्ग महिला के ही मोहल्ले में रहता है और उसे पता था कि महिला घर में अकेली रहती है। उसने अपने नशे और अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए अपने साथी अंकित के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। योजना के अनुसार, वे दोनों नगर निगम कर्मचारी बनकर सफाई जांच के बहाने घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। दोनों लूटे गए माल को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

उक्त चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रायपुर उपनिरीक्षक संजीत कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक कैलाश चन्द, अपर उपनिरीक्षक सुनील रावत, हैड कॉन्स्टेबल प्रेम पंवार, कॉन्स्टेबल मुकेश कण्डारी, कॉन्स्टेबल कमल रावत, कॉन्स्टेबल दिनेश राणा, कॉन्स्टेबल बृजमोहन सिंह एवं कॉन्स्टेबल कमलेश सजवाण शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.