देहरादून: नशे की लत पूरी करने के लिए चुराई बाइक, पटेलनगर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार!

Share your love

लोकजन टुडे, ब्यूरो

देहरादून। राजधानी देहरादून में वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को देहराखास स्थित टीएचडीसी कॉलोनी निवासी कुंदन कुमार ने पटेलनगर कोतवाली में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 760/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई।

आईएसबीटी पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने 16 अक्टूबर को आईएसबीटी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी नवीश (22 वर्ष), पुत्र अनीश, मूल निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर एवं हाल निवासी देहराखास, पटेलनगर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपी चोरी के वाहन को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

बरामद वाहन: मोटरसाइकिल संख्या BR-30AE-4874

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम: उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल विपिन और कांस्टेबल अरविंद।

देहरादून पुलिस ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.