चंपावत सामूहिक दुष्कर्म पर कांग्रेस ने बोला प्रदेश सरकार पर हमला प्रदेश उपाध्यक्ष धस्माना के नेतृत्व में मुख्य सचिव को सौंपा आक्रोश पत्र !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो

उत्तराखंड के चंपावत में बीते पांच मई को नाबालिग लड़की के अगुवा करने व उसके साथ भारतीय जनता पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष व उसके दो मित्रों के द्वारा चाकू की नोक पर दुराचार करने के मामले में आज एआईसीसी सदस्य व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आनंद वर्धन को आक्रोश पत्र सौंप कर दुराचार के दोषी भाजपा नेता व उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर कड़ी साजा दिलाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं की गई और राज्य में महिलाओं के खिलाफ हो रही हिंसा बलात्कार पर रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और राजपाल व मुख्यमंत्री आवास घेराव करेंगे। मुख्य सचिव से मुलाकात में प्रदेश उपाध्यक्ष धस्माना ने कहा कि आज प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बलात्कार हत्या व अन्य अपराधों के कारण उत्तराखंड देश के हिमालयी राज्यों में सबसे पहले पायदान में खड़ा है जिससे आज पूरा प्रदेश शर्मशार है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर पांच मई को घटित चंपावत की अपहरण व रेप की घटना के अधिकांश मामलों में भाजपा के पदाधिकारी व सरकार में दायित्वधारी शामिल हैं और अनेक मामलों में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही में ढील बरत कर अपराधियों को बचने व जमानत का मौका दिया। श्री धस्माना ने कहा कि कांग्रेस अब महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामले में चुप नहीं बैठेगी और कल पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों में प्रदेश सरकार का पुतला दहन करेगी।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआईपी की जांच कर रही सीबीआई खुद गायब हो गई और आज तक उसने उर्मिला सनावर और भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछ ताछ तक नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं में व्याप्त भय के वातावरण को समाप्त करने के लिए अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाए।मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे पुलिस व प्रशाशन को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देंगे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में श्री धस्माना के साथ महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश महासचिव जगदीश धीमान, प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, अनुज दत्त शर्मा शामिल रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.