गैरसैंण सत्र के समापन पर कांग्रेस पर बरसे सीएम धामी, बोले- विपक्ष का रवैया अराजकता फैलाने वाल!

Share your love

लोकजन टुडे, देहरादून

गैरसैंण/देहरादून। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा सत्र के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सदन में विपक्ष के हंगामे को लेकर कहा कि कांग्रेस का रवैया अराजकता फैलाने वाला है और यह व्यवहार अब पार्टी के ट्रेंड का हिस्सा बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गैरसैंण में आयोजित यह मौजूदा सरकार के कार्यकाल का अंतिम विधानसभा सत्र था। इस वर्ष गैरसैंण में दो बार विधानसभा सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में उनकी सरकार ने गैरसैंण में सबसे अधिक समय तक विधानसभा सत्र संचालित किया है।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए धामी ने कहा कि विपक्ष का व्यवहार केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं है। कभी कहीं पहुंचकर विरोध करना तो कभी प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करना कांग्रेस की कार्यशैली को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का जिक्र करते हुए उत्तराखंड के प्रति उनकी सोच पर सवाल खड़े किए। इस दौरान उन्होंने रामपुर तिराहा कांड को याद करते हुए इसे उत्तराखंड के इतिहास का काला दिन बताया।

वहीं, विधानसभा सत्र के अंतिम दिन भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कांग्रेस विधायकों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा और सदन में चर्चा कराने की मांग की।

विपक्ष के हंगामे के बीच सरकार ने 7,844.18 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट सहित दस विधेयक पारित कराए। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।मौजूदा सरकार के कार्यकाल का अंतिम विधानसभा सत्र भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन सदन के भीतर शुरू हुई सत्ता पक्ष और विपक्ष की सियासी तकरार आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले और तेज होती दिखाई दे रही है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.