बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामला, सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले हल्द्वानी में हाई अलर्ट !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो देहरादून

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे अतिक्रमण को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है, जिसको लेकर पूरे शहर में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संभावित फैसले को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज पुलिस, प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च एडीएम विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान और एसपी सिटी मनोज कत्याल के नेतृत्व में बनभूलपुरा और आसपास के संवेदनशील इलाकों में निकाला गया। फ्लैग मार्च के जरिए आम जनता को यह संदेश दिया गया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सभी को सम्मान करना होगा। बीते दिनों सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर भी पुलिस सख्त है और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी भ्रामक या उकसाने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस पूरे मामले को लेकर एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस पूरी तरह तैयार है और जिलेभर में पर्याप्त फोर्स की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। एसएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर पूरे बनभूलपुरा क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.