उधम सिंह नगर में ‘सिस्टम’ का ‘सरेंडर’! दबंगों ने सरकारी बस ड्राइवर को बीच सड़क घसीट-घसीट कर पीटा, थानेदार साहब ‘नौ दो ग्यारह’ !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

उधमसिंहनगर। कानून का इकबाल सिर्फ फाइलों में सिमट कर रह गया है या खाकी का खौफ अब खत्म हो चुका है ? उधम सिंह नगर से सामने आई इस खौफनाक वारदात ने पूरे पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं।

बीच बाजार में दबंगों ने एक सरकारी बस के ड्राइवर को चलती बस से घसीट-घसीट कर बेदर्दी से पीटा, और तमाशा देख रही भीड़ के साथ-साथ पुलिसिया सिस्टम भी सिर्फ मूकदर्शक बना रहा।

सवारियों की बचाई जान, लेकिन खुद बना ‘सिस्टम’ की लाचारी का शिकार

घटना के वक्त सरकारी बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। ड्राइवर ने अपनी जान की परवाह न करते हुए और सवारियों को बीच मझधार में न छोड़ते हुए समझदारी दिखाई और बस को सुरक्षित जगह ले गया। उसे पूरा भरोसा था कि उसकी ‘सरकार’ और इलाके की ‘पुलिस’ इन दबंगों को सबक सिखाएगी। लेकिन अफसोस! सरकारी सिस्टम का ढोल कितना खोखला है, इसका अंदाजा उसे तब हुआ जब वह न्याय की उम्मीद लिए चौकी पहुंचा।

“आने दो फट्टे बजा देंगे”… और फिर थानेदार साहब खुद ‘नौ दो ग्यारह’!

जब यात्रियों से भरी बस पुलभट्टा चौकी पहुंची, तो साहब के तेवर बड़े बुलंद थे। भारी-भरकम डायलॉगबाज़ी हुई— “आने दो आज देख लेंगे कौन है ! आने दो, आज फट्टे बजाएंगे!”

लेकिन हकीकत का पर्दा तब उठा जब दबंगों की एंट्री चौकी पर हुई। ‘शेर’ बनने का दावा करने वाले चौकी इंचार्ज साहब का सारा रोब हवा हो गया। एफआईआर दर्ज करना तो दूर, साहब पतली गली से खिसकने में ही अपनी भलाई समझे और मौके से ‘नौ दो ग्यारह’ हो गए! सवाल उठना लाजिमी है— क्या यही है हमारी पुलिस का इकबाल ?

विवादों का ‘हब’ बना उधम सिंह नगर….

यह कोई पहला मामला नहीं है। उधम सिंह नगर पुलिस का विवादों से पुराना नाता रहा है:

■ कभी थाने के भीतर महिला के आशिक की जमकर कुटाई होती है।

■ कभी 1 लाख के इनामी बदमाश की नाटकीय गिरफ्तारी पर सवाल उठते हैं।

■ कभी सरेबाजार विधायक बेहड़ को थप्पड़ मारने का मामला सुर्खियों में छा जाता है।

और अब, एक फर्जदार आम सरकारी ड्राइवर की सरेआम पिटाई ने यह साबित कर दिया है कि जिले में कानून का नहीं, बल्कि ‘गुंडों और दबंगों’ का राज चल रहा है।

जब सबूत सामने हैं, तो कार्रवाई से पीछे क्यों हटी पुलिस?

कानून की किताबों में कमी नहीं है— ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी पर हमला, बस में घुसकर मारपीट, और सार्वजनिक स्थान पर हिंसा की तमाम कड़ी धाराएं मौजूद हैं।

■ घटना का लाइव वीडियो मौजूद है।

■ हमलावरों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं।

■ दुकानें, रूट, समय और जगह पहचान में हैं।

सबूत हाथ में होने के बावजूद उधम सिंह नगर पुलिस का यह रवैया सीधे-सीधे प्रशासनिक नाकामी को उजागर करता है।

तीन तीखे सवाल, जिनका जवाब खाकी को देना ही होगा:

■ क्या पुलभट्टा चौकी ने इस संगीन शिकायत पर रोजनामचे (GD) में तस्दीक की या दबा दिया मामला?

■ क्या दोषियों के खिलाफ अब तक FIR दर्ज हुई, या दबंगों का दबाव जीत गया?

■ अगर ड्राइवर के आरोप सच हैं, तो पीठ दिखाकर भागने वाले उस चौकी इंचार्ज पर क्या विभागीय गाज गिरी?

इकबाल सिर्फ वर्दी पहनने से नहीं आता, इकबाल उस कागज़ और कार्रवाई से आता है जो वक्त पर किसी गरीब और कमजोर के हक में लिखी जाए। जिस दिन एक सरकारी कर्मचारी थाने के दरवाजे से निराश होकर लौटता है, उस दिन सड़क पर गुंडों का मनबढ़ होना तय है। उधम सिंह नगर पुलिस को अब केवल कागजी बयानों का वीडियो नहीं, बल्कि इन तीखे सवालों का ठोस जवाब देना होगा!


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.