पटेलनगर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, बलजीत सिंह “बब्बल” समर्थकों संग पार्टी में शामिल; 2027 चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा कदम !

Share your love

लोकजन टुडे, देहरादून

देहरादून। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में कांग्रेस ने बड़ा सदस्यता अभियान चलाकर अपना शक्ति प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बलजीत सिंह “बब्बल” सैकड़ो लोगों के साथ औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो गए। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और समर्थकों ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।

समारोह में सिख और पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों, युवाओं, व्यापारियों तथा स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सदस्यता ग्रहण समारोह कांग्रेस नेता डॉ. जसविंदर सिंह “गोगी” की मौजूदगी में संपन्न हुआ, जहां वरिष्ठ नेताओं ने नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर संगठन में स्वागत किया। इस मौके पर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश भर में लोग पार्टी की नीतियों और विचारधारा पर विश्वास जता रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के विस्तार के लिए आने वाले दिनों में ऐसे सदस्यता अभियानों में और तेजी लाई जाएगी। वहीं, पार्टी में नए शामिल हुए सदस्यों ने भी क्षेत्र के विकास और संगठन को मजबूती देने में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के चुनाव से पहले देहरादून के शहरी क्षेत्रों में कांग्रेस का यह कदम संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, संजय शर्मा, वैभव वालिया, ज्योति रौतेला, नवीन जोशी, अभिनव थापर, जगदीश धीमान, अमरजीत सिंह, राजेश पुंडीर, जितेंद्र तनेजा, सौरभ शर्मा, जसविंदर मोटी, गुरदीप रावत, महेंद्र गुप्ता, प्रेम भारती, विपुल नौटियाल, ललित बद्री, दिवांश जोशी, मुकीम अहमद भूरा, वीरेंद्र पंवार, आरती अग्रवाल और बलविंदर कौर सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.