एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता: बसंत विहार क्षेत्र में सैलून चोरी का खुलासा, 4 अभियुक्त गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

एसएसपी देहरादून के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में दून पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में थाना बसंत विहार पुलिस टीम ने तत्परता और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए जीएमएस रोड स्थित एक सैलून में हुई चोरी की घटना का त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।

घटना का विवरण

कालिका बिहार, कारगी चौक निवासी विनय कुमार ने थाना बसंत विहार में तहरीर दी थी कि 7 अगस्त 2026 की रात जीएमएस रोड स्थित महाकाल टावर में उनके ‘लुक्स सैलून’ से अज्ञात चोरों ने एसी की कॉपर वायर और भवन में चल रही विद्युत वायरिंग के तार काटकर चोरी कर लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस की त्वरित व सराहनीय कार्रवाई

एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों के बाद बसंत विहार पुलिस ने बिना समय गंवाए जांच शुरू करते हुए घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन फुटेज खंगाली और अपने सटीक मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया जिसके परिणामस्वरूप 9 अगस्त 2026 को टी-स्टेट क्षेत्र में खंडहर के पास से घेराबंदी कर चारों अभियुक्तों (नरेश सैनी निवासी कोठारी मोहल्ला जोलीग्रांट, गुड्डू कुमार निवासी कावली रोड, खुड़बुड़ा मोहल्ला, ​चिंटु कुमार निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला एवं रुदल कुमार निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला) को चोरी किए गए कॉपर वायर से भरे 3 प्लास्टिक के कटोर एवं ​घटना को अंजाम देने में इस्तेमाल किए गए औजार के साथ गिरफ्तार किया।

नशे की पूर्ति के लिए देते थे चोरी को अंजाम

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए ही उन्होंने इस चोरी को अंजाम दिया था।

इस सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील नेगी, महिला उपनिरीक्षक शशि पुरोहित, हेड कॉन्स्टेबल राजेश सैनी, कॉन्स्टेबल अनुज एवं कॉन्स्टेबल मंदीप शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.